at-hindi-weblog

छितरी इधर उधर वो शाश्वत चमक लिये
देखी जब रेत पर बिखरी अनाम सीपियाँ
मचलता मन इन्हें बटोर रख छोड़ने को
न जाने यह हैं किसका इतिहास समेटे

पोस्ट सदस्यता हेतु अपना ई-पता भेजें

Showing posts with label साथियों की कलम. Show all posts
Showing posts with label साथियों की कलम. Show all posts

5 November 2009

तीन अलग कवि ..तीन अलग कविताएं ....तीन अलग सोच .......

Technorati icon
VIVIDHA-thumb  कुछ कविताएं ऐसी होती है जब लिखी जाती है तो जाने क्या सोचकर .पर जब सामने आती है तो कई लोगो की बन जाती है ..कभी कभी सोचता हूं ...के पियूष मिश्रा क्या .."तुम्हारी है तुम ही संभालो ये दुनिया "के बाद क्या उससे बेहतर लिख पायेगे ..क्या प्रसून जोशी ....तारे जमीन के बाद उसी इंटेंसिटी को दोहरा पायेगे ....कंसिस्टेंसी कितनी मुश्किल हो जाती है न.....
तीन अलग कवि ..तीन अलग कविताएं ....तीन अलग सोच .......

1  पहली कविता महेन की ……

इससे तो बेहतर है
अनजान लोगों से बतियाया जाए कुछ भी
किताबों में घुसा लिया जाए सिर
एक के बाद एक चार-पांच फ़िल्में देख डाली जाएं
पूरी रात का सन्नाटा मिटाने के लिये
टके में जो साथ हो ले
ऐसी औरत के साथ काटी जाए दिल्ली की गुलाबी ठंडी शामें
गुलमोहर के ठूँठ के नीचे
या दोस्तों को बुला लिया जाए मौके-बेमौके दावत पर

तुम्हे प्यार करते रहना खुद से डरने जैसा है
और डर को भुलाने के लिये जो भी किया जाए सही है।

2  दूसरी कविता नन्दनी महाज़न  जी की है ......

रफूगर आने को है



दोनों हाथ उठा कर
एक बार फ़िर से मांगती हूँ
हे पहाड़ों पर बसने वाली चील
मेरे चाक जिग़र के टुकड़े लौटा दो !
तुम्हारे बच्चे
जी भी जायेंगे उसके बिना
तुम फ़िर बनोगी
हज़ार हज़ार बच्चों की माँ
और फ़िर
मैं जब भी दुआ पढूंगी
तो मेरे लब बोलेंगे
सातों आसमानों पर तुम्हारा राज़ हो जाए
ग़र ये कल होना है
तो मेरे परवरदीगार ये आज हो जाए ।

उस नेक इंसान के लिए
ये तो मैंने ही बुनी थी मुश्किलें
उससे घर माँगा
उससे एक वर माँगा
और जो लाल रंग तुम्हारी चोंच में लगा है
उसको अपने सर माँगा

उसको बेवफ़ा न कहो
उसने किया है एक वादा
कल रात कोई रफूगर आएगा
मेरे चाक जिगर को रफू कर जाएगा

हे आसमां की शहज़ादी
लौटा दो मेरे चाक जिगर के टुकड़े
कोई रफूगर आने को है ...


 3 तीसरी  कविता गौरव सोलंकी की है ...... 

कि घर है

 

शहीद होने की एक ज़रूरी सामाजिक प्रक्रिया में
मैं ग़ैरज़रूरी ढंग से फँस गया हूं
शर्मिन्दा हूं।

बिसलेरी की पुरानी बोतल की तरह,
जिसकी विप्लवी आत्मा को
तुमने रैपर की तरह छीला है निरंतर बेवज़ह,
तुम मुझे बार बार खाली करती हो
बूंद बूंद टप टप
और किसी सीले हुए पहाड़ी स्टेशन की टोंटी पर से
फिर भर लेती हो।

या कि तुम्हारे लगातार बेघर होने की प्रक्रिया में
मैं घर हूं
तुम्हारे सरहद होने की प्रक्रिया में पाकिस्तान ?

डर और अचरज मुझे
क्रमश: नींद और भूख की तरह होते हैं।
क्या मुझे चौंकते चौंकते
हो जाना है शहर की तरह कुत्ता
और दुम हिलानी है ?
हर दुतकारे जाने के बाद करना है
पुचकारे जाने का इंतज़ार
और वे सब लम्बी रातें भुलाकर – सच
जब मैं किसी अनजान ट्रेन में चढ़कर
हो जाना चाहता था लापता
किसी लम्बी खदान में पत्थर तोड़ने को उम्र भर
- कूं कूं करके खाने हैं ब्रेड और बिस्किट
और तुम्हारी ट्यूबलाइट सी नंगी टाँगों पर टाँगें रखकर
बेताब बिस्तर पर साथ सोना है ?

नींद भर अँधेरा है
और है राख में रेत
जिसमें मैं तुमसे कहता हूं कि घर है।
लौटेंगे।
WWVF23KW44VS
► इससे आगे ►

15 October 2009

दीपावली की शुभकामनाओं पर सवार माई लक्ष्मी

Technorati icon

From INTERNET दीपावली की शुभकामनाओं का आना आरम्भ हो चुका है  । मेरे मन के किसी कोने में ठँसे हुये उलट  चरित  को  यह  क्यों  लगता  करता  है  कि  ऎसे  रस्मी बधाई  सँदेश  दाल-रोटी के ज़द्दोजहद में जुटे आम आदमी को कष्ट ही देती होंगी । इसके उत्तर में एक फीकी मुस्कुराहट के साथ, ज़वाब तो यही मिलने वाला होता है, " जी आपकी भी दिवाली शुभ हो ! " लेकर बधाई देने वाला भी इस सँतोष को सँग लिये आगे बढ़ जाता है, कि उसने सभ्य समाज की एक सामाजिक औपचारिकता का निर्वाह तो कर ही लिया । इतिश्री !

अभी कल शाम ही मेरा मैग़ज़ीन वेन्डर आया, कुछेक अन्य किताबों के साथ एक अन्य पत्रिका बढ़ाई, " जी, यह भी दे दूँ ? इसमें लक्ष्मी पूजा की विशेष विधि दी हुई है ! " मैंने अपना पीछा छुड़ाने को बोल दिया," राजेश इस वर्ष यह तुम्हीं कर लो, तुम लखपति हो जाओगे तो अगले साल इससे मैं भी पूजा कर लूँगा ।" उसने खिसिया कर अपना हाथ पीछे खींचते हुये कहा," डाक्टर साहब, आपौ मज़ाक करत हो, मेहनत करके खाये वाला अपयें परिवार को जिया ले, इत्तै बहुत समझौ । " इतने दिनों से आते जाते, वह मुँहलगा भी हो गया है, उसने आगे जोड़ा," लछमी मईया तो अब पिछले दरवज्जे से ही आती हैं, सच्ची बोल्यो साहेब अब उनहूँ का सीधा रस्ता नाहीं देखात है । " मुदित भाव से यह कहता हुआ वह लौट गया !

फिर तो मुझे भी मानसिक हलचल होता भया,  और  मैं   पिछले  वर्ष  पढ़ी  हुई  इसी  सँदर्भ  की  एक  पोस्ट का  लिंक  टटोलने  मे  सफल  रहा । लीजिये  आप  भी  पढ़ें : ब्लॉगस्पॉट  पर  अक्टूबर  2007 में  अन्यन्त्र प्रकाशित प्रेम जनमेजय की यह पोस्ट

तुम ऎसे क्यों आई लक्ष्मी

दीपावली पर लक्ष्मी पूजन  आपलोग  करते  हैं, मेरा सारे वर्ष चलता है । फिर भी लक्ष्मी मुझपर कृपा नहीं करती , मैं लक्ष्मी वंदना करता हूँ हे भ्रष्टाचारप्रेरणी , हे कालाधनवासिनी,  हे वैमनस्यउत्पादिनी,  हे विश्वबैंकमयी, मुझपर कृपा कर ! बचपन में मुझे इकन्नी मिलती थी पर इच्छा चवन्नी की होती थी, परंतु तेरी चवन्नी भर कृपा कभी न हुई । यहाँ तक मुझमें चोरी, भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी आदि की सदेच्छा भी पैदा न हुई वरना होनहार बिरवान के होत चिकने पात को सही सिद्ध करता हुआ मैं अपनी शैशवकालीन अच्छी आदतों के  बल  पर  किसी  प्रदेश  का  मंत्री / किसी  थाने का थानेदार / किसी क्षेत्र का आयकर अधिकारी / आदि-आदि बन देश-सेवा का पुण्य कमाता और लक्ष्मी नाम की लूट ही लूटता ।conelite_e0 4011_48ag_bar3_e0 युवा में मैं सावन का अंधा ही रहा। जिस लक्ष्मी के पीछे दौड़ा, उसने  बहुत  जल्द आटे-दाल का भाव मुझे मालूम करवा दिया । हे कृपाकारिणी मुझपर इस प्रौढ़ावस्था में ही कृपा कर । मैं मानता हूँ कि मैंने मास्टर बनकर तेरी आराधना के समस्त द्वार बंद कर दिए हैं परंतु हे रिश्वतकेशी तेरे प्रताप से जेलों के ताले खुल जाते हैं, एक दीनहीन मास्टर के द्वार क्या चीज़ है । एक दरवाज़ा मेरी ही खोल दे ।

तभी दरवाज़े पर किसी ने दस्तक दी। पत्नी बोली, "सुनते हो, देखो शायद लक्ष्मी आई है ।" मैं मुद्रस्फीति-सा एकदम उठकर लक्ष्मी के स्वागत को बढ़ा परंतु रुपए की अवमूल्यन-सा लुढ़क गया । क्योंकि मेरी पत्नी ने जिस लक्ष्मी के स्वागत के लिए दरवाज़ा खोलने का अलिखित आदेश दिया था, वह उस समय के अनुसार हमारी कामवाली हो सकती थी जिसके स्वागत की परंपरा हमारे परिवारों में कतई नहीं है ।
"दरवाज़ा तुम ही खोल दो ।" मेरे स्वर में आम भारतीय की हताशा थी ।

पत्नी ने दरवाज़ा खोला, सामने लक्ष्मी नहीं, लक्ष्मीकांत वर्मा थे । उनका चेहरा सरकारी कर्मचारी को महंगाई-भत्ता मिलने के समाचार-सा खिला हुआ था । लक्ष्मीकांत बोले, "भाभी जी, आज तो फटाफट मिठाई मँगवाइए, बढ़िया चाय पिलवाइए और घर में बेसन हो तो पकौड़े भी बनवा दीजिए ।"
उसकी इस मँगवाइए/बनवाइए आदि योजनाओं पर अपनी तीव्र प्रतिक्रिया देते हुए मैंने कहा, "क्यों शर्मा, क्या तू विश्व बैंक का प्रतिनिधि है जो तेरा अभूतपूर्व स्वागत करने को हम बाध्य हों ?"
"यही समझ ले घोंचूलाल! देख, मैं भाभी जी से बात कर रहा हूँ, तू बीच में अपनी टाँग क्यों अड़ा रहा है ? भाभी जी, मैं आपके लिए हज़ारों रुपए मिलने की ख़बर लाया हूँ और ये है कि," लक्ष्मीकांत ने अमेरिकी स्वर में कहा ।

"तुम चुप रहो जी!" पत्नी ने ससम्मान मुझे डाँटा और लक्ष्मीकांत की तरफ़ मुस्कराकर देखा तथा कहा, "आप बैठिए न भाई साहब मैं अभी आपके लिए सब कुछ बनाकर लाती हूँ । आप हज़ारों मिलने वाली बात बताओ न ।" पत्नी में ऐसा सेवाभाव मैंने कभी नहीं देखा था ।
"भाभी जी, आपको याद होगा कि मैंने आपसे एक हज़ार रुपए लेकर एक कंपनी के शेयर भरवाए थे, उसका अलोटमेंट लैटर आ गया है ।"
"यानी हमारे हज़ार रुपए डूब गए । तुझे तो खुशी ही होगी हमारे रुपए डूबने की, तू हमारा सच्चा दोस्त जो है ।" मैंने इस मध्य आह भरी ।
"अरे बौड़म, रुपए डूबे नहीं हैं, उस हज़ार रुपए के तीन महीने में दस हज़ार हो गए हैं । कंपनी का दस रुपए का शेयर आज सौ में बिक रहा है सौ में कुछ समझे संत मलूकदास जी ।"
पत्नी विवाहित जीवन के पच्चीस वसंत देखने से पूर्व या तो चहकी थी या फिर उस दिन लक्ष्मीकांत उवाच के कारण चहकी और चहकते हुए उसने पूछा, "हमारे कितने शेयर हैं ।"
"सौ शेयर ।"
"सौ शेयर ! और अगर हम उन्हें बेचें तो हमें दस हज़ार रुपए मिलेंगे दस हज़ार ! अजी सुनते हो लक्ष्मी भैया की बदौलत हमें दस हज़ार मिलेंगे ।" ( सुधीजन नोट करें, धन लक्ष्मी मैया के अतिरिक्त लक्ष्मी भईया की बदौलत भी मिल सकता है । अत: हे संतों, सदैव लक्ष्मी का स्मरण करें । )  ये दस हज़ार हमें कब मिलेंगे लक्ष्मी मैया !"

"भाभी जहाँ इतना इंतज़ार किया वहाँ थोड़ा इंतज़ार और कर लो । आप देख लेना कुछ दिनों में ये दो-सौ नहीं तो डेढ़ पौने दो पर तो जाएगा ही । सिर्फ़ दस-पंद्रह दिन की बात है दौड़ते घोड़े को चाबुक नहीं मारनी चाहिए । आप तो अब पार्टी की तैयारी कर लो और पंद्रह बीस हज़ार गिनने की भी तैयार कर लो " लक्ष्मीकांत ने आशीर्वादात्मक मुद्रा में कहा ।

"पार्टी तो आप जितनी ले लो । पंद्रह-बीस हज़ार ! भाई साहब मुझे लगता है कि आप मेरा मन रखने के लिए ऐसा कह रहे हैं, मुझे  तो  विश्वास  ही  नहीं  हो  रहा  है । बेसन नहीं मैं आपके लिए ब्रजवासी की पिस्तेवाली बरफी मँगवाती हूँ कोला तो आपको पीकर ही जाना होगा । तुम आराम से सोफ़े पर क्या बैठे हो जल्दी से बाज़ार हो आओ हे भगवान !"

लक्ष्मीकांत तो अपना सत्कार करवा के चले गए परंतु हम पति-पत्नी एक अंतहीन बहस में उलझ गए । पत्नी अंतर्राष्ट्रीय सहायता कोषरूपा हो गई और उसने बजट बनाने के दिशा निर्देश मुझे जारी कर दिए । माता-पिता को भेजी जाने वाली राशि में कटौती करवाई, मुझसे अनेक वायदे लिए तथा चाय-पानी जैसी ज़रूरी चीज़ों को बेकार सिद्ध किया । पत्नी के सुप्रयत्नों से मेरा भुगतान-संतुलन बिगड़ गया और मित्रों की निगाह में दीन-हीन बन गया ।

भविष्य के लिए वह जो भी बजट बनाती, वह पंद्रह हज़ार से कम बन ही नहीं रहा था । पंद्रह अभी आए नहीं थे पर उसकी आशा में उधारी के छह-सात हज़ार शहीद हो चुके थे । बड़ी चादर की अपेक्षा में पैर फैल रहे थे । पत्नी रोज़ सुबह मुझे उठाती, हाथ में अख़बार पकड़ाती और जैसे मैं कभी माँ को रामायण सुनाया करता था वैसी ही श्रद्धा से पत्नी को शेयरों के भाव पढ़कर सुनाया करता । हम घंटों उस पेज को घूरते रहते । देश में कहाँ हत्या हो रही है, किसका घर जल रहा है और कौन जला रहा है ऐसे समाचारों में हमें कोई दिलचस्पी नहीं रह गई थी ।

जिस दिन शेयर का भाव बढ़ जाता उस दिन पत्नी अच्छा नाश्ता और भोजन खिलाती और जिस दिन घट जाता उस दिन घर में जैसे मातम छा जाता । बच्चे पिट जाते और पति-पत्नी के बीच महाभारत का लघु संस्करण खेला जाता । पत्नी का रक्तचाप पहले केवल मेरे कारण बढ़ता-घटता रहता था, आजकल शेयर बाज़ार की उसमें महत्वपूर्ण भूमिका रहती । महीना बीत गया ।

शेयर डेढ़ सौ पर जाने की बजाय साठ पर आ गया यानी नौ हज़ार का काग़ज़ी नुकसान हमें हो गया । पत्नी ने संतोषधन नामक मंत्र का जाप किया और आदेश दिया कि प्रिय तुम शेयर-संग्राम में जाओ और इसका कुछ कर आओ । मैंने लक्ष्मीकांत से अनुरोध किया तो उसने हमारी हड़बड़ी पर लेक्चर दे डाला तथा सहज पके सो मीठा होय नामक मंत्र का जाप करने को कहा । उसने आत्मविश्वासात्मक स्वर में कहा कि कंपनी के रिज़ल्ट अच्छे आने वाले हैं और तब यह निश्चित ही दो सौ पर जाएगा । हम अपना परिणाम भूल कंपनी के परिणाम पर ध्यान देने लगे । लक्ष्मीकांत ने हमारे मन में लालच का दीपक पुन: जगा दिया था । मेरा पढ़ना-लिखना बंद हो गया और मन विदेश-भ्रमण के लालच-सा सदैव शेयर बाज़ार के ईद-गिर्द ही मँडराता रहता ।

जिस तरह से लक्ष्मी  भईया ने लक्ष्मी मैया के आने का धमाका किया था वैसे ही उसके जाने का किया । कंपनी के परिणाम ठीक नहीं आए, उसे घाटा हुआ था अत: शेयर लुढ़कता-फुड़कता ग्यारह पर आ टिका । हमने भागते चोर की लंगोटी नामक मुहावरे की सार्थकता सिद्ध की तथा शुक्र मनाया की गाँठ से पैसा नहीं गया । पत्नी ने सवा पाँच रुपए का प्रसाद चढ़ाया और ऋण भुगतान में जुट गया ।
अब मैं लक्ष्मी वंदना नहीं करता हूँ, बस  लक्ष्मी  मैया  से  एक  प्रश्न  करता  हूँ  तुमने  आने  का  अभिनय क्यों  किया  लक्ष्मी ! कहीं तुम भी तो चुनाव नहीं लड़ने जा रही हो !"

पोस्ट आभार : तुम ऐसे क्यों आईं लक्ष्मी / ब्लॉगपृष्ठ : प्रेम जनमेजय / अक्टूबर 7, 2007 
लेखक : प्रेम जनमेजय

 
► इससे आगे ►

4 September 2009

फुल्ली फालतू चैनल का कवर स्टोरी: घासी राम की भैँस

Technorati icon

सबसे पहले -  श्री राजशेखर रेड्डी हमारे बीच न रहे । यहाँ कोई भी शरीर स्थायी परमिट लेकर नहीं आता है, तो उसके न रहने का शोक क्यों ? जिस तरह से उनको विदा होना पड़ा, वह वाकई दुःखद है । किसी भी राजनैतिक पार्टी के पर्ति कोई विशेष प्रतिबद्धता न रखते हुये भी मैं उनका प्रशँसक रहा । उनकी डाउन टू अर्थ कार्यशैली मुझे यदा कदा अचँभित तो करती ही थी, साथ  ही वह मेरे दूर के मौसेरे भाई भी थे { डाक्टरों के प्रति लोग जैसी छवि बनाते जा रहे हैं, उसे देख उनके चिकित्सा स्नातक होने के नाते मैंनें स्वतः ही उनसे ऎसा रिश्ता जोड़ लिया था } परमपिता उनको सदगति प्रदान करे ।
इस दुःख को हमारे इलेक्ट्रोनिक मीडिया के व्यवहार ने और भी गाढ़ा कर दिया । चैनलों पर कल रात्रि से लगातार चल रही  उत्तेजना , और  एक एक्साइटमेन्ट ? का अँत हुआ । कमसिन बालायें जैसे भाड़े पर आँखें घुमाने और हाथ नचाने से मुक्ति पा गयीं ।  वह मिलेंगे.. वह नहीं मिलेंगे.. वह ज़िन्दा हैं.. वह घायल और अचेत हैं.. वह ज़ँगल के नज़ारे देखने को कहीं रुक गये हैं... या  वह  नक्सलियों  के हाथों  में  हैं .. जैसे तमाम  सवालात  उनको  परेशान  जो  करते रहे  । उनके अवसान की पहली ख़बर कौन परोसे, यह उतावलापन स्पष्ट दिख रहा था !  आजतक वाले तो, अगला मुख्यमँत्री कौन, की मुहिम में लग पड़े

सर्वप्रथम रहने की दौ्ड़ इस हद तक तक़लीफ़देह है, कि एक साहब नें वाईकेपिडीया पर सायँ 6.30 या 7.00 बजे ही उनकी मृत्यु  दर्ज़ कर डाली ( मैंने यह रात्रि में 9.45 के आसपास ही देखा )
पिछली पोस्ट पर, अभिषेक ओझा की टिप्पणी ने जैसे एक ट्रिगर-इफ़ेक्ट  कर दिया हो क्योंकि मुझे यह धुँधला सा याद था कि, बुनो  कहानी  पर  जीतेन्द्र चौधरी  ने  मीडिया  के  ऎसे  प्रहसन  को ’ कवर स्टोरी : घासीराम की भैंस ’ में  बड़े  अनोखे  अँदाज़  में  चित्रित  किया  था ।  जिसे  तत्कालीन  फ़ुरसतिया ’अनूप  शुक्ल ’ने अपने गाँव ढक्कनपुरवा से एक दूधिये की भैंस भाग जाने पर एक चलताऊ चैनल चर्चा  पर दो दिन पहले ही ब्लागित किया  था  और  इसके  कारक  बने  । इसी विषय की कड़ी को डा  पद्मनाभ मिश्र ’ आदि यायावर ’ ने फुल्ली फालतू चैनल का कवर स्टोरी: घासी राम की भैँस पर और भी आगे बढ़ाया । वह अब सक्रिय न सही, पर नेट पर तो मौज़ूद ही हैं ।
तो.. लीजिये, पढ़िये

फुल्ली फालतू चैनल का कवर स्टोरी : घासी राम की भैँस 

पिछले अँक मे आपने पढा: यहाँ क्लिक कीजिए. घासी राम की भैँस ढक्कनपुरवा गांव से उस समय रस्सी तोडकर तबेले से भाग गयी जब घासी राम अपने दोस्त कल्लू के शवयात्रा मे गया था. टी.आर.पी. महिमा के लिए इसको फ़ुल्ली फ़ालतू नामक एक टी.वी. चैनल पर कवर स्टोरी बना कर दिखाया जा रहा था. चैनल के मालिक गुल्लु को इस खबर से बहुत ज्यादा टी.आर.पी. और एस.एम.एस से बहुत पैसा जोगाड़्ने की उम्मीद थी. कातिल अदाँए वाली निधि खोजी, ओवरटाइम का पैसा नही माँगने वाला टप्पू सँवाददाता और समाचार वाचिका रुपाली अभी-अभी हुए ब्रेक के बाद लौटी हैँ. सुन्दरी  नामक  भैँस  को कवर  स्टोरी  बनाने  के  लिए  उसको  तालाब  मे  तैराकी  का  प्रैक्टिस  छोडवाकर  फुल्ली-फालतू  चैनल  के स्टूडियो मे रखा गया है. अब आगे पढिए...

ब्रेक के बाद चैनल स्टूडियो मे कुछ नए लोग आते हैँ. टप्पू ने अपने विश्वस्त सूत्रो से पहले ही पक्का कर लिया था कि स्टूडियो मे घासी-राम के भैँस की कहानी पर अपना राय देने वाले सारे लोग अपने अपने क्षेत्र के एक्स्पर्ट है जिनका वर्णन निम्न्लिखित हैँ.

जोखन डाक्टर: जोखन डाक्टर ग्यारह साल पहले १३ लाख मे एम.बी.बी.एस. की डीग्री पढ कर आए थे. शुरु के आठ साल तो चूँगी पर बैठ कर आदमी का डाक्टर बने रहे. आदमी का डाक्टरी तो चली नही गलत दवा देने से पाँच लोगो के मौत का मुकदमा हो गया. तब से अकल ठीकाने आई और फिलहाल पिछले तीन साल से जानवर का डाक्टर बने पडे हैँ. बुजूर्गोँ ने समझाया इसमे रिस्क नही है.

सेवकराम साइको: पहले इनका नाम था सेवकराम शर्मा. पिछले बीस साल से साइकेट्रिक डाक्टर हैँ और अपना बिजिनेस बढाने के लिए अपने नाम के आगे साइको लगाया है. गल्लू से पहुत पहले इनका करार हुआ था. इनको टी.वी. पर लाइव दिखाने पर सेवकराम साइको गल्लू को १० हजार रुपैया देगा.

कालू प्रसाद "देशप्रेमी": आजकल के सत्तारुढ पार्टी का एम.एल.ए और अपने पार्टी का प्रवक्ता. जब से पिछली सरकार ने इनके उपर लगा बलात्कार का आरोप सी.बी.आई से जाँच करने को कहा ये अपने नाम के आगे देशप्रेमी जोड लिया. अभी  तो  सत्तारुढ़  पार्टी  मे  हैँ लेकिन विपक्ष कहती है कि लोगों का अटेन्सन दूर करने के लिए अपना नाम के आगे देशप्रेमी लगाए हैँ.

टी.वी.स्क्रीन पर फुल्ली फालतू चैनल फिर से आता है. रुपाली अपने बालोँ की लटो को एक बार फिर से झटकती है और और बोलने लगती है.

रुपाली:  दर्शकोँ हम फिर से हाजिर हैँ घासीराम के सुन्दरी का एक्सक्लूसिव रिपोर्ट लेकर. जैसा कि पहले बताया जा चुका है,  हम  दूनिया  मे  पहली  बार  इस  खबर  को प्रसारित कर रहे हैँ कि आखिर घासीराम की सुनदरी भैँस रस्सी तोडकर गयी किधर. जो लोग अभी-अभी टी.वी आन किए है उनके लिए मै बता दूँ कि आज सुबह सुबह ढकनपुरबा गाँव के श्री घासीराम जी जी सुन्दरी नाम की भैँस रस्सी तोडकर भग गई है. हम अपने इस चैनल पर एक्स्क्लूसिवली रिपोर्ट दिखा रहे हैँ कि आखिर सुन्दरी को वह कौन सा बात खराब लग गई जिससे वह घर छोडकर चली गई. क्या उसका किसी से चक्कर था ? या वह  किसी  मानसिक  प्रताडना  का  शिकार  थी. घासीराम  के बातोँ से तो यह नही लगता है कि उसने सुन्दरी को भगाया है. आज इसी बात पर चर्चा करने के लिए हमने कुछ एक्स्पर्ट को बुलाया है. आज हमारे साथ मौजूद हैँ, एक जाने माने पशु चिकित्सक श्री जोखन डाक्टर, प्रसिद्ध मनोवैग्यानिक श्री सेवक साइको, और ढकनपुरवा गाँव के स्थानीय विधायक श्री कालू प्रसाद "देशप्रेमी". और हमारे सँवाददाता निधि खोजी मौजूद हैँ घटनास्थल पर. हम समय समय पर दर्शको का राय भी लेते रहेँगे. आप अपना राय टाइप करके हमे भेजेँ. हमारा नम्बर है ४५४७६. तो हम बिना समय गँवाए सीधे मुद्दे पर आते हैँ और पहला सवाल करते हैँ हमारे आज के एक्स्पर्ट सेवकराम साइको जी से.

रुपाली: सेवकराम जी हमारे स्टूडियो मे आपका स्वागत है. आप तो पिछले बीस साल से मनोवैग्यानिक रहे हैँ. आपको क्या लगता है. सुन्दरी की मान्सिक स्थिति कैसी रही होगी. वह घासीराम का घर छोडकर क्योँ भाग गयी.

सेवकराम साइको: रुपाली' जी मुझे अपने स्टूडियो मे बुलाने के लिए धन्यावाद. मुझे तो सुन्दरी का केस पुरा साइकोलोजिकल लगता है. और लगता है कि वह "साइक्लोजिकल डिसओर्डर सिन्ड्रोम" से ग्रसित है. इस तरह के बीमारी मे भैँस क्या आदमी भी अपना घर छोडकर चला जाता है और भी बिना कुछ बताए. अभी हाल मे ही एक औरत अपने पति को छोडकर अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी और उसको जाँच करने के बाद पता चला कि वह भी इसी सिन्ड्रोम से ग्रसित थी. 

कालूप्रसाद देशप्रेमी: (  इन सभी का बात काटते हुए बीच मे ही बोल उठा.) रुपाली जी, इसमे मुझे किसी बिमारी का कोई बात नही लगता है. यह तो विपक्षी पार्टी का काम है. घासीराम के भैँस को भगाकर उसमे अल्पसँख्यक वर्ग का नाम बिगाडने की साजिस है. हम यह काम नही होने देँगे. हमारी सेकुलर पार्टी देश मे इस तरह के कम्यूनल पार्टी का पर्दा फास करेँगे.

तभी निधि खोजी का खबर आता है और बीच मे ही रुपाली सबको चुप कराते हुए बोलती है.

रुपाली: दर्शकोँ हमारी संवाददाता अभी ढकनपुरबा गाँव मे मौजूद है. निधि क्या आप मेरा आवाज सुन रही हैँ. क्या माहुल है वहाँ का?

निधि (अपने कान का टेपा सही करते हुए): जी रुपाली पूरा गाँव सुन्दरी के जाने से गमगीन है. पडोस का भैँसा अभी तक चारा नही खाया है. घासी-राम का रो-रोकर हालत खराब है. लेकिन अभी तक स्पष्ट नही हो पाया है कि रुपाली आखिर भागी क्योँ. रुपाली के आस मे सब लोग रास्ता देख रहे हैँ. लोग बोलते हैँ मेरी रुपाली-मेरी रुपाली...

रुपाली: (अचानक घबराकर चौँक जाती है और धीरे से फुसफुसाती है) अरे  निधि  रुपाली  नही  सुन्दरी...सुन्दरी... (और भी धीरे से-- स्टूपिड नोन्सेन्स)

निधि (एक ही बार मे स्टूपिड शब्द समझने के बाद फिर से अपने बालोँ को झटकते हुए): जी हाँ रुपाली नही माफ कीजिएगा हम निधि की बात ...ओह सोरी.. घासीराम की भैँस सुन्दरी की बात कर रहे थे. अपने पास खडे हुए यूवक को पूछते हुए. हाँ तो आप मुझे बताएँ कि सुन्दरी क्योँ भागी ?

यूवक (कैमरा के बजाए निधि को देखते हुए): वो क्या है मैडम, हम सुबह सुबह मैदान को गए थे. देखो तो उधर से दो भैँस कहीँ जा रहे थे. हमे पक्का विश्वास है कि वह सुन्दरी ही रही होगी. पिछले छओ महीना से उसका पडोस के भैँसे से जबरदस्त चक्कर रहा है. हम तो कई बार समझाए घासी राम को लेकिन उ माने तब ना. जान्बुझ के पडोस के भैसे के सामने मे बान्धता था. ससुरा घासी-राम को बुढापे मे जवानी सुझत रहल है. भैसन के प्रेम सम्बन्ध बनाबे मे मदद करत रहल है. मैने मना किया तो माना नही, अब भुगतो ससूरा, भैस भाग गई ना.

कालू-प्रसाद "देशप्रेमी" (बीच मे ही रुपाली को रोकते हुए): इसमे जरूर विपक्षी पार्टी का हाथ रहा होगा. हमारे क्षेत्र मे से भैस को भगवाकर शान्ति भँग करना चाहते हैँ. हम सेकुलर हैँ. ऐसे कम्यूनल पार्टी को हम नही बक्शेँगे.

बीच मे ही रुपाली सबको रोकते हुए बोलती है. देशप्रेमी जी हम फिर से वापस होते हैँ लेकिन इस छोटे से ब्रेक के बाद. और दौड्कर रेस्ट रूम चली जाती है.

              डा० पद्मनाभ मिश्र Dr. Kumar Padmanabh  बनाम Adi Yayavar आदि यायावर

पोस्ट आभार : फुल्ली फालतू चैनल / मेरा बकवास / ब्लागपोस्ट 3 नवम्बर, 2007 / आलेख आदि यायावर 

सँदर्भित लिंक
पोस्ट  : एक चलताऊ चैनल चर्चा / फ़ुरसतिया / ब्लागपोस्ट 3 दिसम्बर 2006 / अनूप शुक्ल
पोस्ट : कवर स्टोरी घासीराम की भैंस / बुनो कहानी /  ब्लागपोस्ट 5 दिसम्बर  2006 / जीतेन्द्र चौधरी

► इससे आगे ►

3 September 2009

भिखारी और लिपस्टिक

Technorati icon

#कल डा० अनुराग की पोस्ट ने कुछ समय तक अशाँत रखा। मेरे ख़्याल से यह कथ्य कोलाज़ समाज के विस्तृत कैनवास के चित्रण का एक फ़ैशनेबुल रिपीटेशन था, जो एक कोने पर ही टिक कर रह गया है । कुश के स्वर में निहित प्रतिवाद और अनूप शुक्ल की प्रशँसात्मक उलाहना से जैसे मुझे भी बल मिला हो

विसँगतियों के विद्रूप का एक अन्य पहलू ’ यह भी खूब रही ’ के प्रयास कुछ अलग तरह से रखते हैं ।

सिग्नल पर होता मेकअप
अप्रैल 16, 2008

दफ्तर आते हुए ट्रैफिक सिग्नल पर एक अजीब सा नजारा देखा…
एक ३०-३२ वर्ष की गोरी-चिट्टी मोहतरमा अपनी लंबी सी गाडी में बैठी सिग्नल के हरे होने के इंतज़ार कर रही हैं. इंतजार कुछ लंबा है क्यों ना दर्पण से गुफ्तगु की जाये. बस रियर-व्यु मिरर्र में लगी अपना चेहरा निहारने और गाडी बन गयी ब्यूटी पार्लर.
तभी ठक-ठक की आवाज से उनकी एकाग्रता भंग हुई. देखा कोई २५-२८ साल का एक नौजवान, अपने दोनों हाथों और दोनों पैरों की साहयता से एक चौपाये की तरह चल रहा था, भीख माँग रहा था. उन मोहतरमा ने एक नफरत भरी नजर उस पर डाली और फिर लिप्स्टिक निकाल कर अपने होटों की आभा बढाने लगी.

मैं उनके लाल-गुलाबी चमकते होठों को निहार रहा था तभी मुझे उस भिखारी का ख्याल आया और मैंने उसके होटों की तरफ देखा. उसके सुखे होटों पर ना खत्म होने वाली एक प्यास थी. फिर उस सुंदरी ने आई-लाईनर लगा कर अपनी सुंदर आँखों को और सुंदर बनाया. मैने भिखारी की उनींदी और अलसाई आँखों की तरफ देखा, उनमें कुछ पाने की लालसा अभी भी दम साधे खडी थी. आँखों के बाद गालों का नम्बर आया. धूप से गुलाबी हुए गालों को और गुलाबी किया जा रहा था. भिखारी के पिचके और भीतर धंसे हुए गाल शायद गुलाबी गालों से इर्ष्या कर रहे थे.
इस दौरान कभी-कभी स्वप्न सुंदरी भिखारी की तरफ भी देख लेती थी शायद पूछ रही हो-कैसी लग रही हूँ ? हल्की सी मुस्कुराहट के साथ हाथ अब रंग-बिरंगी बिंदी को एड्जैस्ट करने के लिये माथे पर पहुँच चुके थे. और  वो  भिखारी  उसके  हाथ  भी  माथे  पर थे पसीना पोंछ रहा था या शायद अपनी तकदीर को एड्जैस्ट कर रहा था…पता नहीं.
तभी सिग्नल हरा हो गया और गाडी फर्राटे से निकल गयी. पता नहीं कितने सिग्नलों पर कितनी बार वह गाडी रुकेगी और कितनी बार वह अपने रूप को सँवारेगी और कितने ही भिखारीयों को उनके वाकई भिखारी होने का एहसास करवायेगी.
उस भीखारी को मैंने बहुत ध्यान से देखा था. उसके  चेहरे  पर एक  सवाल  मुँह  बाये  खडा  था. क्यों भगवान, इतना फर्क क्यों किया ? तूने अमीर को अमीर बनाया मुझे उससे शिकायत नहीं. किंतु कम-से-कम मेरे हाथ-पैर तो सलामत बना देता.
तभी ड्राईवर की आवाज से तंद्रा टूटी, “क्यों सर मजा आ गया” ? मैं फीकी सी हँसी हँस दिया.

पोस्ट आभार: सिग्नल पर होता मेकअप / ब्लागपृष्ठ : यह भी खूब रही / 16 अप्रैल 2008 / लेखक-प्रयास

► इससे आगे ►

2 September 2009

कुंठित कनेक्शन

Technorati icon

इस आलेख पर मैं अपनी तरफ़ से कोई टिप्पणी न दूँगा । बेहतर होगा कि यदि आपके पास सोचने के लिये पल दो पल हों, तो आप इसे स्वयँ ही पढ कर कोई निष्कर्ष निकालें, । सँकलक– डा० अमर  कुमार

कुंठित कनेक्शन

स्त्री-पुरुष संबंध, सृष्टि की बेहद भरोसेमंद बुनियाद ।  परस्पर  विपरीत  होकर  भी  एक-दूसरे  के  लिए समर्पित, ऐसा समभाव जहां न कोई छोटा न बड़ा । बावजूद इसके जब हम आधी दुनिया में झांकते हैं तो यह खूबसूरत कनेक्शन एक कुंठित कनेक्शन बतौर सामने आता है । इस कुंठा से घर भी महफूज नहीं । हर चेहरे की अपनी कहानी है । सदियों से होते आए व्यभिचार में आज बड़ा टि्वस्ट आया है । आज की लड़की तूफान से पहले ही किसी सायरन की तरह गूंज जाना चाहती है..

हर कहानी के पहले चंद पंक्तियां होती हैं-`इस कहानी के सभी पात्र काल्पनिक हैं। इनका सच होना महज संयोग हो सकता है, लेकिन हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि खुशबू की कथा के सभी पात्र सच्चे हैं और इनका सच होना महज संयोग नहीं, बल्कि वास्तविक होगा ।´

सजला अपने नाम के उलट थी । रोना-धोना उसकी फितरत के विपरीत था, पर आज आंखें बह रही थीं । पन्द्रह साल की काव्या ने जो यथार्थ साझा किया था, उसे सुनकर वह कांपने लगी थी । काव्या ने बताया कि पिछले रविवार जब हम मौसाजी के घर गए थे तो ऊपर के कमरे में काव्या को अकेली देख उन्होंने उसे बाहों में भींचकर किस करने की कोशिश की । काव्या ने अपने पूरे दांत उस हैवान के गालों पर जमा दिए और भाग छूटी । सजला ने बेटी को समझाया । चुप बेटी इस बात का जिक्र भी किसी से नहीं करना, वरना तेरी मौसी की जिंदगी...नहीं मम्मी आपको चुप रहना है तो रहिए, मैं  चुप  नहीं रहूंगी । मौसी , पापा सबको बताऊंगी । आपको नहीं मालूम उन्होंने मोना  ( सजला की बहन की बेटी ) के साथ भी यही सब किया था । काव्या यह सब कहे जा रही थी… ..

लेकिन सजला का वहां केवल तन था । मन तो अतीत की अंधेरी गलियों में पहुंच चुका था । सजला अपने बड़े जीजाजी के दुष्कर्मों का शिकार हो चुकी थी । तब वह केवल चौदह साल की थी । न जाने किन अघोषित मजबूरियों के चलते उसने घटना का विरोध तो दूर कभी जिक्र भी नहीं किया । वह घृणित शख्स सबकी मौजूदगी में हमेशा सहज और सरल बना रहता । सजला बिसूरती रह जाती ।

आज जब काव्या का रौद्र और मुकाबलेभरा रुख सजला ने देखा तो अपने लिजलिजे व्यक्तित्व पर बेहद शर्म आई । न जाने कितनी स्त्रियों के साथ कितनी बार ये हादसे पेश आए होंगे, इसका  अंदाजा  लगाना  उन  स्त्री और पुरुषों लिए कतई सहज नहीं है, जो  संयोग  से  बच  गईं  और जो स्वभाव से संयमी और चरित्रवान हैं । सहनशील बनों, दूसरों के लिए खुद को न्यौछावर कर दो , जोर से नहीं बोलो जैसी जन्म घुटि्टयों ने स्त्री को न जाने किन बंधनों में बांध दिया कि वह हर अन्याय सहने के लिए प्रस्तुत रहीं । यौन उत्पीड़न को भी खुद की इज्जत से जोड़कर देखने लगी । अगर कुछ कहा तो लोग उसे ही बदनाम करेंगे । इस अलिखित बदनामी ने उसे इतना भीरू और कमजोर बना दिया कि वह चुप्पी में ही भलाई देखने लगी । नजमा ऐसी नहीं थी ।

अब्बू की लाड़ली नजमा को देख जब घर के पीछे रहने वाले चचा ने अश्लील इशारे किए तो वह चुप नहीं रही । मूंछों पर बट देने वाले चचा अब छिपे छिपे फिरते हैं । मीरा नायर की फिल्म `मानसून वेडिंग´ की  एक  पात्र  अपने  चाचा  की  हरकतों  की  शिकार बचपन में ही हो गई थी । उस उम्र में जब लड़की  अच्छे-बुरे, मान-अपमान  से  परे  होती  है । शातिर अपराधी इसी उम्र और रिश्ते की निकटता का फायदा उठाते हैं । अपने चाचा का विरोध वह बड़ी होकर तब कर पाती है, जब चाचा एक और मासूम बच्ची को चॉकलेट का लालच दे रहे होते हैं ।

चौबीस साल की नीता एमबीए है और प्राइवेट कंपनी में एक्ज़िक्यूटिव । ट्रेन में सूरत से जयपुर आ रही थी, रात का वक्त था । एसी थ्री कोच में एक अधेड़ अपनी सीट छोड़कर उसके पास आकर लेट गया । नीता चीखकर भागी तो वह उसका पीछा करने लगा । बेटी-बेटी क्या हुआ । नीता नहीं पिघली । रेलवे पुलिस को शिकायत कर उसे गिरफ्तार करवाया और हर पेशी पर पूरी ईमानदारी से जाती है । न्यायिक पचड़ों के अलग पेंच हैं, उस पर रोशनी फिर कभी ।

पूनम के जीजाजी बड़े रसिया किस्म के थे । जीजी सब जानती थीं या अनजान बनी रहती थीं, पूनम को समझ नहीं आया । जीजाजी बड़े मशगूल होकर स्त्रियों के अंगों-प्रत्यंगों का ब्यौरा देते रहते । जीजी कभी छोटी हंसी तो कभी बड़े ठहाके लगाया करती । एक दिन मौका देखकर जीजा महाशय पूनम के साथ ज्यादती पर उतारू थे । पूनम चूंकि इस अंदेशे को भांप चुकी थी, इसलिए स्कूल में सीखे जूडो-कराते के भरपूर वार जीजा पर किए और उसके पिता के सामने पूरा ब्यौरा रख दिया । सारी बातें इतने वैज्ञानिक तरीके से सामने रखी गई कि जीजाजी को लगा कि जमीन फट जाए और वो गड़ जाएं । पूनम फिर कभी जीजी के घर गई नहीं और न ही इस बात की परवाह की कि जीजी और जीजाजी के संबंधों का क्या हुआ होगा ।

अंजू के हॉकी कोच निहायत शरीफ और समर्पित नजर आते थे । अंजू उनके अंदाज और खेल पर फिदा थी, कोच  साहब  जब  अपना  दर्जा  भूल ओछी हरकत पर उतर आए तो फिर अंजू ने भी एसोसिएशन के पदाधिकारियों के सामने कच्चा चिट्ठा खोलकर रख दिया ।

आज की लड़कियां सजला की तरह इस्तेमाल होने को अपनी नियति नहीं मानती और न ही घृणित हरकतों पर परदा डालने में यकीन करती हैं । स्वाभिमान को ठेस उन्हें बर्दाश्त नहीं । यह आत्मविश्वास उन्हें शिक्षा ने दिया है। आर्थिक आजादी ने दिया है जहां वे किसी के रहमोकरम पर पलने वाली बेचारी लड़की नहीं है । आर्थिक आजादी हासिल कर चुकी कामवाली महिला में भी आप इस आत्मविश्वास को पढ़ सकते हैं । घरेलू हिंसा और यौन आक्रमणों का प्रतिकार वह करने लगी है ।

कभी भारतीय रेलवे के शौचालयों की दीवारों पर गौर किया है आपने । भारतीय समाज की यौन कुंठाओं का कच्चा चिट्ठा होता है वह । भद्दी गालियां, स्त्री  अंगों  की  संरचना  के  अश्लील  रेखाचित्र  किसी  भी शालीन शख्स को गुस्से और घृणा से भर देते हैं । मनोवैज्ञानिक भले ही इसे बीमारी की संज्ञा दें, लेकिन हमारा समाज ऐसा नहीं मानता । वह इसी नजरिए से देखने का अभ्यस्त है, लेकिन  वह  मां क्या करे, जिसके  बच्चे  अभी-अभी  पढ़ना  सीखे  हैं और  हर  शब्द  को  पहचानने  की  समझदारी  दिखाने में  कहीं  चूकना  नहीं  चाहते ?

बसों  के  हवाले  से  मनजीत  कहती  है  मैंने  दिल्ली  की  बसों  में  यात्रा  की  थी कभी । यात्रा नहीं यातना थी , पुरुष  भीड़  की  आड़  में  सट के खडे़ होते और अश्लील हरकतें करते। मैंने जब एक थप्पड़ रसीद किया तो वह क्या है क्या है कह कर मुझ पर हावी होने लगा लेकिन मौजूद लोगों ने मेरा साथ दिया

छेड़खानी का एक मामला पंजाब पुलिस के तत्कालीन डीजीपी के पी एस गिल से भी जुड़ा है । बीस साल पहले उन्होंने एक पार्टी में आईएएस रूपन देओल बजाज को स्पर्श कर अभद्र टिप्पणी की थी । सत्रह साल बाद सुप्रीम कोर्ट ने गिल को दो लाख रुपए जुर्माना और पचास हजार रुपए मुकदमे की कीमत अदा करने के निर्देश दिए ।

इन दिनों एक शब्द अक्सर अकसर इस्तेमाल किया जाता है `ऑनर किलिंग´ । आरुषि-हेमराज मामले में नोएडा पुलिस ने भी किया । लड़की से कोई मामला जुड़ा नहीं कि माता-पिता उसे खानदान की इज्जत से तौलने लग जाते हैं । मानो  इज्जत एक लड़की के सर पर सदियों से रखा मटका हो, जिसके फूटते ही सब-कुछ खत्म हो जाएगा । हम यह भूल जाते हैं कि सबसे पहले हम इनसान हैं, जहां गलती की गुंजाइश रहती है । कब तक हम लड़की के लड़की होने का दोष देते रहेंगे ।

यदि वाकई लड़कों को इस सोच के साथ पाला जाए कि लड़की खूबसूरत कोमल काया के अलावा कुछ और भी है तो यकीनन हम स्त्री को देखने की दृष्टि भी बदली हुई पाएंगे । रिश्तों की आड़ में सक्रिय दरिंदे लड़की के कमजोर व्यक्तित्व का लाभ उठाते हैं । तीर निशाने पर न भी लगे तब भी उनका कुछ नहीं बिगड़ता । वे जानते हैं कि अधिकांश बार दोष लड़की में ही देखते हैं । वे मुक्त हैं । जब तक लड़की होना ही अपराध की श्रेणी में आता रहेगा, तब  तक  अपराधी  यूं  ही  बचते  रहेंगे  । समय के बदलाव ने काव्या को मुखर बनाया है । वह सजला जैसी दब्बू और अपराधबोध से ग्रस्त नहीं है । उसे गर्व है अपने स्त्रीत्व पर । ख़ुद पर गर्व किए बिना वह अपनी लड़ाई कभी नहीं जीत पाएगी ।

साभार : लिख-डाला / ब्लागलेखन : वर्षा / प्रकाशित ब्लागपोस्ट : 9 जुलाई 2008

नोट : पढ़ने की सुविधा हेतु मूल अविकल  रचना, यहाँ पैराग्राफ़िंग और फ़ारमेटिंग  के साथ  रखी गयी है !

► इससे आगे ►

31 August 2009

हमारी अपनी ज़बान की साठवीं बरसी

Technorati icon

हमारी हिंदी, जिसे हम इतना प्यार करते हैं अपंग है, वह जन्म से विकलांग नहीं थी लेकिन उसका अंग-भंग कर दिया गया. वह बहुत बड़ी सियासत का शिकार हुई, अभी वह बड़ी हो ही रही थी कि 1947 में उसके हाथ-पैर काटके उसे भीख माँगने के लिए बिठा दिया गया.

करोड़ों लोगों की भाषा क्या हो, कैसी हो, उसमें काम किस तरह किया जाए, इसका फ़ैसला रातोरात दफ़्तरों में होने लगा.राजभाषा विभाग बना और लोग उस अपंग की कमाई खाने लगे जिसका नाम हिंदी है. ऐसा दुनिया में कहीं और नहीं हुआ

ठीक ऐसा ही ताज़ा-ताज़ा पैदा हुए पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी हुआ, वे जिस्म के कुछ हिस्से काट लाए थे बाक़ी सब अरबी-फ़ारसी वाले भाइयों से माँगने थे, उन्हें किसी तरह जोड़ा जाना था. पाकिस्तान जहाँ कोई उर्दू बोलने वाला नहीं था वहाँ उर्दू राष्ट्रभाषा बनी. पंजाबी, सिंधी, बलोच, पठान सबको उर्दू सीखना पड़ा. ऊपर से तुर्रा ये कि उर्दू का देहली, लखनऊ या भोपाल से कोई ताल्लुक नहीं है, वह तो जैसे पंजाब में पैदा हुई थी.

इधर भारत में मानो 'सुजला सुफला भूमि पर किसी यवन के अपने पैर कभी रखे ही नहीं, इस पावन भूमि की भाषा तो देवभाषा संस्कृत है. यहाँ सब कुछ पवित्र-पावन-वैदिक है, विदेशी आक्रमणकारी आए थे, कुछ सौ साल बाद मुसलमान और क्रिस्तान दोनों चले गए, अपनी भाषा भी वापस ले गए, हम वहीं आ गए जहाँ इनके आक्रमण से पहले थे, इन्हें  बुरा  सपना  समझकर  भूल  जाओ'...ऐसा कम-से-कम भाषा और संस्कृति में मामले में कभी नहीं हुआ. न हो सकता है.

भारत में सदियों से जो ज़बान बोली जा रही थी उसका  नाम  हिंदुस्तानी  था, लेकिन  मुसलमान  चूँकि 'अपनी उर्दू' पाकिस्तान ले गए थे इसलिए ज़रूरी था कि जल्द-से-जल्द बिना उर्दू हिंदुस्तानी यानी हिंदी के लिए जयपुर फुट तैयार हो जाए और वह चल पड़े, इसके लिए सबके आसान काम था पलटकर संस्कृत की तरफ़ देखना. वही हुआ, ऐसे-ऐसे भयानक प्रयोग हुए कि बेचारी अपंग हिंदी दोफाड़ हो गई. एक हिंदी जो लोग बोलते हैं, एक हिंदी जो दफ़्तरों में शब्दकोशों से देखकर लिखी जाती है.

नेहरू की भाषा कभी सुनिए जो ख़ालिस हिंदुस्तानी थी लेकिन उन पर भी शायद अँगरेज़ी का जुनून इस क़दर सवार था कि उन्हें अपनी हिंदुस्तानी की फिक्र नहीं रही. देश का धर्म के आधार पर विभाजन होने के बाद समझदारी दिखाते हुए उसे धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र घोषित किया गया, वहीं भाषा के मामले में ऐसा बचपना क्योंकर हुआ, समझ में नहीं आता.

भारत के विभाजन को साठ वर्ष पूरे होने वाले हैं. दुनिया का हर भाषाशास्त्री मानता है कि किसी भाषा को जड़ें जमाने में कई सौ वर्ष लगते हैं. ब्रज, अवधी, भोजपुरी के साथ अमीर खुसरो फ़ारसी मिला रहे थे, रसखान कृष्णभक्ति का माधुर्य घोल रहे थे, इनके बीच शेरशाह सूरी जैसे तुर्क-अफ़गान भी अपनी भाषा ले  आए  थे. इन  सबसे  मिलकर  एक  जादुई  ज़बान  बनने लगी जिसमें मीर-ग़ालिब-मोमिन-ज़ौक लिखने लगे, भारतेंदु-प्रेमचंद-रतननाथ सरसार-देवकीनंदन खत्री से लेकर मंटो, कृशनचंदर तक आए. एक सिलसिला बना था जो अचानक झटके से टूट गया.

एक ही रात में कई अपने शायर-कवि पराये हो गए, इधर भी-उधर भी. कई नए अंखुए उग आए जिन्होंने दावा किया कि वे सीधे जड़ से जुड़े हैं यानी संस्कृत या फ़ारसी से लेकिन उस भाषा का होश किसी को नहीं रहा जिसने उत्तर भारत में तीन-चार सौ साल में अपनी जगह बना ली थी और खूब परवान चढ़ रही थी. वह सबकी भाषा थी, जन-जन की भाषा थी, वह सहज पनपी थी, उसमें कोई बनावट नहीं थी, उसमें हिंदी-संस्कृत के शब्द थे, बोलियाँ-मुहावरे, ताने-मनुहार, दादरा, ठुमरी थी, अदालती ज़बान थी, जौजे-मौजे साक़िन, वल्द, रक़ीब, रक़बा था...क्या नहीं था.

एक ऐसी ज़बान जो मुग़लिया दौर में सारी ज़रूरतें पूरी कर रही थी और ठहर नहीं गई थी बल्कि आगे बढ़ रही थी, जिसने ज़रूरत भर अँगरेज़ी को भी अपनाया. उसमें अभी और बदलाव हो सकते थे, जो स्वाभाविक तरीक़े से होते जिनमें बनावट के कंकड़ न दिखते शायद. मगर दुर्भाग्य ये है कि देश के बँटने के साथ ही भाषा भी बँट गई और लोग एक नई भाषा गढ़ने में लग गए जो किसी की भाषा नहीं थी, नहीं रही है. यह एक बहुत बड़ी वजह है कि लोग हिंदी को मुश्किल मानकर त्याग देने में सुविधा महसूस करते हैं.

सच बात ये है कि अगर हिंदी को वाक़ई आम ज़बान बनाना है, सबकी बोली बनाना है तो उसे लोगों से दूर नहीं, नज़दीक ले जाना होगा. हिंदू हों या मुसलमान, जब कोई शिकायत होती है तो लोग यही कहते हैं कि हमें शिकायत है, फिर दिल्ली में बसों पर क्यों लिखा होता है कि "प्रतिवाद करने के लिए संपर्क करें"..

उर्दू और हिंदी से पहले एक भाषा है जिसने सारी ज़रूरतें पूरी कीं हिंदुस्तानी के रूप में, जो आज भी उत्तर भारत के रग-रग में बहती है. यह चिट्ठा उसी हिंदुस्तानी में लिखा गया है, उस हिंदी में नहीं जो 1947 में अपंग हुई उसके बाद दिन-ब-दिन इतनी बनावटी होती चली गई कि हिंदी बोलने वाला भी, लिखी हुई हिंदी को अपनी भाषा के तौर पर नहीं पहचानता.

जब पंद्रह अगस्त धूमधाम से मनाइएगा तो याद रखिएगा कि यह हिंदुस्तानी की साठवीं बरसी भी है. साझे की सदियों की विरासत के लिए अगर सिर झुकाने का जज़्बा दिल में आए तो ऐसी भाषा बरतिए जो हिंदुस्तान की है, हिंदुस्तानी है.

साभार : अनामदास का चिट्ठा - ब्लागपोस्ट हमारी अपनी ज़बान की साठवीं बरसी 
प्रकाशित : 6 अगस्त 2007

ताज़्ज़ुब है कि, यह आलेख दो वर्ष पहले ब्लागर पर आया, पर हिन्दी की स्थिति हर जगह जस की तस है । समय से पहले ही हॄष्ठ पुष्ट करने के उत्साह में, हमने  इसे और भी बीमार बना दिया  है । इसे राजकीय प्रश्रय के आई.सी.यू. की ज़रूरत बनी ही रहती है ।  क्या यह शर्मनाक नहीं है, कि एक अरब से अधिक आबादी वाला मुल्क अपनी  सम्पर्क भाषा का अभाव, आज भी विदेशी भाषा से पूरा कर रहा है ? यदि सामान्य बोलचाल की हिन्दुस्तानी को सम्पर्क भाषा ( Lingua franca ) बने रहने दिया जाता, तो आज यह स्थिति न होती ।
हाँ एक मज़ेदार बात और, सत्ता के जोड़-तोड़ की गुप्त वार्तायें अवश्य ही किसी कूटभाषा में होती  होगी , मसलन मायावती को केवल हिन्दी आती है, फिर भी वह जयललिता से सँवाद स्थापित कर लेती हैं, जो केवल अँग्रेज़ी और तमिल ही जानती हैं । चन्द्रबाबू नायडू ज्योति वसु से बतिया लेते हैं !
अनामदास का यह आलेख अपने आप में इतना विश्लेष्णात्मक और सशक्त है कि, इसमें सँकलनकार की इससे इतर कोई टिप्पणी या इपिलाग ( Epilogue ) बेमानी ही ठहरेगी । बस आवश्यकता एक बार फिर ईमानदारी से विचार किये जाने की है ।
- डा. अमर कुमार

इस पोस्ट पर आयी हुई कुछ टिप्पणियाँ भी बाँचिये ।

विमल वर्मा : अनामदासजी आपने बडे सरल तरीके से अपनी बात कही है. मुझे लग रहा था कि इस मुद्दे पर टिप्पणियां ज़्यादा आएंगी पर इतनी कम टिप्पणी देख कर आश्चर्य हुआ. क्योकि किसी भी लेख को पढ़ने के बाद, टिप्पणी पढ़ना अनिवार्य हो जाना स्वाभाविक है..पर इतने तथ्यपरक लेख को पढने के बाद यही कह सकता हूं कि सटीक लिखा आपने,पर कम टिप्पणियों को देख कर लगा कि इस चिट्ठाजगत में बहुत लोग हैं जो हिन्दी हिन्दी करते रहते हैं, पर अन्दर से अभी उदासीनती की भारी चादर तान के सो रहे है... मंगलवार, अगस्त 07, 2007

इष्टदेव साँकृत्यायन : शिक़ायत को परिवाद लिखे जाने का कारण है. सोचिए, अगर शिक़ायत लिख दिया जाएगा तो लोग समझ नहीं जाएँगे और जब समझ जाएंगे तो करने भी लगेंगे. लोग शिक़ायत करने लगेंगे तो उनका समाधान भी करना पड़ेगा. फिर पूरी व्यवस्था सुधारनी पडेगी. व्यवस्था सुधरेगी तो राजनेताओं और उनकी काली कमाई का क्या होगा? इसीलिए शिक़ायत की जगह परिवाद, काबिलियत की जगह अर्हता लादी जाती है. एक बात और, जिस कचहरी वाली भाषा की बात आप कर रहे हैं, वह भी एक जमाने में लादी ही गयी है. इस संदर्भ में चंद्रभूषण की टिप्पणी बिल्कुल सही है. अगस्त 07, 2007

► इससे आगे ►

30 August 2009

क्यों नाराज़ है, यह शायर ?

Technorati icon
आइये फ़र्ज़ करें कि, अडवानी  प्रधानमन्त्री  बन  ही  जाते । तो, इस दौर के एक विवादित राजनीतिज्ञ निश्चय ही कबिनेट को सुशोभित कर रहे होते । अल्ला अल्ला ख़ैर सल्ला तीन साल तो निकाल ही लेते । फिर उनकी किताब आती या न आती, कौन जानता है ? यह न हुआ, और किताब आ भी गयी और अपुन का इन्डिया में भूचाल आ गया । वह पार्टी बदर किये गये, मानों  इस  दौर  में  ज़िन्ना  पर कुछ  लिख  देने  वाला  वतन  का  गुनाहगार  हो  जाता  है ।
किन्तु यह सुविधाजनक कूटनीति है, यह लिप्सा की राजनीति है ।

क्या कभी किसी ने यह सवाल उठाया है कि, बिना किसी लालच के " सारे ज़हाँ से अच्छा यह हिन्दुस्ताँ हमारा .." लिखने वाले शायर अल्लामा इक़बाल ग़ैर हिन्दुस्तानी सरहदों की ज़ानिब क्यों कूच कर गये ? यह ख़ामोशी भी तो एक सुविधाजनक कूटनीति है, नहीं ?
बावज़ूद इन हादसों के, मौज़ूदा  दौर  का  यह  हिन्दुस्तानी  शायर  तमाम  तरह  की  ज़्यादतियों  की  वज़ह से आज़िज़ आकर अपनी  ही  कौम  से  नाराज़  रहा  करता  है । आख़िर मीडिया का माइक इसकी तरफ़ रुख़ करने से क्यों कतराता रहा है ? डर है कि, सरकारी ख़ज़ाने से इश्तिहारों के लिये निकलने वाला पैसा, शायद उससे मुँह न मोड़ ले ? यह भी लिप्सा की एक नीति ही तो है, नहीं ?
इन सबको नकारता हुआ, यह  शायर  ग़ुमनाम  सा  क्यों ? पिछले अक्टूबर और नवम्बर के धमाकों के बाद इसके नज़्मों को नवभारत टाइम्स ने पेश किया, और  फिर  एक  ख़ामोशी  छा गयी । ब्लागर पर सरपँच जी इसको सामने लाये । उस दौर में पूरे मुल्क में जैसे एक सैलाब आया था, उसके  ज़्वार में यह तिनका फिर किनारों पर फेंक दिया गया । मैं तवारीख़ की नज़ीरें पेश करना नहीं चाहता, यह पन्ना उसके लिये नहीं है । और मैं किसी की सरपरस्ती भी नहीं कर रहा, पर  क्या  हमें  अपनी  सोच  की पोस्टमार्टम  करने  की  ज़रूरत  तो  नहीं  है ?   वरना लोग हमसे यूँ ही छिटकते जायेंगे ! 
ताकि सनद रहे  - डा. अमर कुमार
पाकिस्तान के लोगों में पाकिस्तान की हकूमत और पाकिस्तानी मीडिया के ज़रिए ये बात फैलाई जाती है कि हिन्दुस्तान में जो मुसलमान हैं उन्हें बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है...उनपर ग़मों के पहाड़ ढाए जाते हैं...इस बात को मद्देनज़र रखते हुए एक हिन्दुस्तानी शायर ने पाकिस्तान की मीडिया, पाकिस्तान की हुकूमत और पाकिस्तान की आवाम को मुखातिब करते हुए ये नज़्म कही... जो  आपकी पेश-ए-खिदमत है !
तुमने कश्मीर के जलते हुए घर देखे हैं pak_attrocities
नैज़ा-ए-हिंद पे लटके हुए सर देखे हैं
अपने घर का तु्म्हें माहौल दिखाई न दिया
अपने कूचों का तुम्हें शोर सुनाई न दिया
अपनी बस्ती की तबाही नहीं देखी तुमने
उन फिज़ाओं की सियाही नहीं देखी तुमने
मस्जिदों में भी जहां क़त्ल किए जाते हैं
भाइयों के भी जहां खून पिए जाते हैं
लूट लेता है जहां भाई बहन की इस्मत
और पामाल जहां होती है मां की अज़मत
एक मुद्दत से मुहाजिर का लहू बहता है
अब भी सड़कों पे मुसाफिर का लहू बहता है
कौन कहता है मुसलमानों के ग़मख़्वार हो तुम
दुश्मन-ए-अम्न हो इस्लाम के ग़द्दार दो तुम
तुमको कश्मीर के मज़लूमों से हमदर्दी नहीं
किसी बेवा किसी मासूम से हमदर्दी नहीं
तुममें हमदर्दी का जज़्बा जो ज़रा भी होता
तो करांची में कोई जिस्म न ज़ख्मी होता
लाश के ढ़ेर पे बुनियाद-ए-हुकूमत न रखो
अब भी वक्त है नापाक इरादों से बचो
मशवरा ये है के पहले वहीं इमदाद करो
और करांची के गली कूचों को आबाद करो
जब वहां प्यार के सूरज का उजाला हो जाए
और हर शख्स तुम्हें चाहने वाला हो जाए
फिर तुम्हें हक़ है किसी पर भी इनायत करना
फिर तुम्हें हक़ है किसी से भी मुहब्बत करना
अपनी धरती पे अगर ज़ुल्मों सितम कम न किया
तुमने घरती पे जो हम सबको पुरनम न किया
चैन से तुम तो कभी भी नहीं सो पाओगे
अपनी भड़काई हुई आग में जल जाओगे
वक्त एक रोज़ तुम्हारा भी सुकूं लूटेगा
सर पे तुम लोगों के भी क़हर-ए-खुदा टूटेगा..

जय हिन्द
- मसरूर अहमद
(मसरूर कलम के धनी हैं...ग़लत बात न सुनते हैं , न कहते हैं...शायद इसीलिए अल्लाताला ने उन्हें ये नेमत बख़्शी है...कहा है कि -जाओ धरती पर ...समंदर की सियाही लो...और धरती को काग़ज़ मानो--और लिखते जाओ...सो शरूआत की है उन्होंने । अल्ला उन्हें लंबी उम्र और उंगलियों में ताकत दे)
पोस्ट आभार : सरपँच, 1 दिसम्बर 2008  █ असल में ये कोना एक पंचायत है, जहां पंच हैं... लोगों की भीड़ है... और कई सवाल हैं जिनके जवाब हैं, मसले हैं जिन पर फैसलों की पूरी गुंजाइश हैं... यानी कोई खाली हाथ नहीं जाएगा... इस कोने का नाम सरपंच इसलिए है क्योंकि यहां आने वाला हर कोई कम से कम अपना सरपंच तो है ही... यानी जो बोले सो निहाल और जो खोले सो सरपंच █
► इससे आगे ►

25 August 2009

एक और रात - गुलजार

Technorati icon

सदाबहार ग़ुलज़ार का 75 वाँ जन्मदिन 18 अगस्त को चुपचाप आकर निकल भी गया । कोई शोर नहीं, कोई हलचल नहीं !  मैं उनके लिये कुछ लिखना चाहता था, लेकिन हज़ार चेहरों वाले ग़ुलज़ार के लिये लिखने का मेरा क़द नहीं, बल्कि ईमानदारी से कहूँ कि ड्राफ़्ट को लगभग पाँच दफ़े सुधारने के बाद भी लगता रहा कि “ समपूरन सिंह ग़ुलज़ार “ के लिये मेरी शब्दानुभूति बहुत बौनी है । वह तो विशाल हैं

gz75Gulzar is 75समय के साथ ढलते हुये “ मोरा गोरा रँग लईले “ से लेकर आज की “ जय हो “  की गूँज यूँ ही नहीं है !

ब्लागर पर अनुराग वत्स के लिये श्री रवीन्द्र व्यास ने सबद पर ग़ुलज़ार की बड़ी समयानुकूल रचना दी है । सहेज रखने का मोह न त्याग सका, आप सबसे साझी है । – अमर

एक और रात

gulzchat1चुपचाप दबे पांव चली जाती है
रात खामोश है, रोती नहीं, हंसती भी नहीं
कांच का नीला-सा गुंबद है, उड़ा जाता है
खाली खाली कोई बजरा-सा बहा जाता है
चांद की किरनों में वो रोज-सा रेशन भी नहीं
चांद की चिकनी डली है कि घुली जाती है
और सन्नाटों की इक धूल उड़ी जाती है
काश इक बार कभी नींद से उठकर तुम भी
हिज्र की रातों में ये देखो तो क्या होता
****

ये देखो तो क्या होता है

गुलजार की जमीन और आसमान सरगोशियों से मिलकर बने हैं । ये सरगोशियां खामोशियों की रातें बुनती हैं । इन रातों में कई चांद डूबते-उतरते रहते हैं । कई टंगे रहते हैं, अपने अकेलेपन में जिनकी पेशानी पर कभी-कभी धुआं उठता रहता है । दूज का चांद, चौदहवीं का चांद और कभी एक सौ सोला रातों का चांद। कभी ये चांद किसी चिकनी डली की तरह घुलता रहता है । ये चांद ख्वाब बुनते रहते हैं । ख्वाबों में रिश्ते फूलों की तरह खिलते रहते हैं और उसकी खुशबू पलकों के नीचे महकती रहती है । ये रिश्ते कभी मुरझा कर ओस की बूंदों की तरह खामोश रातों में झरते रहते हैं ।

वे किसी गर्भवती स्त्री की तरह गुनगुनी धूप में यादों को गुनगुनाते महीन शब्दों से मन का स्वेटर बुनते हैं। इसमें उनकी खास रंगतें कभी उजली धूप की तरह चमकती रहती है। कभी इसमें सन्नाटों की धूल उड़ती रहती है। इसकी बनावट और बुनावट की धीमी आंच में रिश्तों के रेशे अपने दिलकश अंदाज में आपके मन को आपकी देह को रूहानी अहसास कराते हैं।

कहते हैं किसी की आत्मा पेड़ों में बसती है। किसी आत्मा एक फूल में बसती है। कहते यह भी हैं कि आत्मा एक पिंड में बसती है। और यह भी कि आत्मा एक स्वर्ग में बसती है, एक मुहूर्त में बसती है। क्या कहा जा सकता है कि गुलजार की गीतात्मा चांद में बसती है। और चांद यानी रात भी। और रात यानी तारे भी। और तारे यानी समूची कायनात। और इसके बीच वह भी जिससे हिज्र की रात में कहा जा रहा है कि काश इक बार कभी नींद में उठकर तुम भी ये देखो तो क्या होता है...

यह एक और रात है...

इस नज्म की पहली लाइन में रात के बहाने अपनी स्थिति बताने का एकदम सादगीभरा जलवा है । कोई बनाव नहीं । कोई श्रृगांर नहीं ।  लुभाने-रिझाने का कोई अंदाज नहीं । अकेलेपन में रात का चुपचाप, एकदम खामोश गुजरनाभर है । यह एक इमेज है । कहने दीजिए गुलजार इमेजेस के ही कवि हैं । दूसरी लाइन में कोई आहट नहीं, कोई गूंज नहीं ।  न रोना, न हंसना । एक अनकहे को पकड़ने की कोशिश । एक जरूरी दूरी पर खड़े होकर । न  डूबकर, न उतरकर । अपने को भरसक थिर रखते हुए । तीसरी लाइन में रात के जादू को आकार में पकड़ने का वही दिलकश अंदाज है । इसमें चार चीजें हैं-कांच है, नीला है, गुंबद है और वह उड़ा जाता है । कांच, जाहिर है यह रात को उसकी नाजुकता में देखने की निगाह है । रात नीला गुंबद है । अहा। क्या बात है ।  इसमें  एक कोई देखी मुगलकालीन भव्य इमारत की झीनी सी याद है ।

यह रात को कल्पना से तराशने का सधा काम है । रात  को  एक  आकार  देना । उसे देहधारी बनाना । और यह गुंबद है, जो उड़ा जाता है । यानी एक एक मोहक और मारक गति है । एक उड़ती हुई गति । जाहिर है इस गति में रात की लय शामिल है । बीतती लयात्मक रात ।  यह मोहब्बत का स्पर्श है जो गुंबद के भारीपन को किसी चिड़िया की मानिंद एक उड़ान देता है । विश्व विख्यात मूर्तिकार हेनरी मूर को याद करिए। वे पत्थर में चिड़िया को ऐसे ढालते हैं कि पत्थर अपने भारीपन से मुक्त होकर चिड़िया के रूप में उड़ने-उड़ने को होता है । यह फनकार की ताकत है, अपने मीडियम से मोहब्बत है ।

पांचवी  लाइन  बताती  है  कि  यह  शायर  रातों  की  जागता  है  और  रोज  ही  रातों  को  निहारता है ।  इसी जागने  से यह  एक और रात बनी है जिसमें कहा जा रहा है कि चांद की किरनों में वो रोज-सा रेशन नहीं । यह आपकी इंद्रियों का जागना भी है । कलाकार यही करता है । वह सभी इंद्रियों के प्रति आपको सचेत करता है । यह देखना-दिखाना भर नहीं है । छठी पंक्ति में चिकनी डली है । स्पर्श का अहसास है । फिर घुलना है। यह एक और रात कि घुली जा रही है। कि पर गौर फरमाएं। है न कुछ बात । और सातवीं लाइन में इन सबसे घुल-मिल कर एक सन्नाटा रात की तरह ही फैलता जा रहा है । वे इसे उड़ती धूल में पकड़ते हैं। महीन धूल। आठवीं और नौवीं लाइन मारू है। यह रात का जो जादू है, उसकी सुंदरता का जो भव्य स्थापत्य है, अकेलापन है, सन्नाटा है और खामोश गुजरना भर है, इसमें एक ख्वाहिश भी है कि कोई हिज्र की रातों में नींद से उठकर इसे देखे । यह भी कि- ये देखो तो क्या होता है ।  सबद से : प्रकाशित 10 सितम्बर 2008    ( सखा पाठ २ : गुलजार  बजरिए  रवींद्र व्यास  Posted  by  anurag  vats )

► इससे आगे ►

23 August 2009

ब्लागपोस्ट की पहेली ?

Technorati icon

पिछले हफ़्ते, मैंने ( अपनी समझ के अनुसार ) एक  अच्छी पोस्ट सहेजी,  और लिंक व लेखक का नाम न देकर इसे पहेली का रूप दे दिया । यह एक तरह से ख़ुराफ़ात ही कहा जायेगा ।

लोगों ने सोचा होगा, एक  निट्ठल्ला  बैठे  ठाले  ब्लागजगत  में  अपनी  उलटबाँसी  ठोंक  रहा है । बिल्कुल वाज़िब बात, आख़िर  क्या  ज़रूरत  है  ऎसे  ब्लागपोस्टों  को सहेजने की... उस पर भी शीर्षक ? वह भी तब.. जबकि हर कोई यहाँ बिज़ी है, या कम से कम ’बिज़ी’ दिखना चाहता है । ज़ाहिर है, जैसा सोचा था, वह न हुआ । यह बेचारी पोस्ट अपने स्वयँवर के लिये अभी तक प्रतीक्षारत है । कुल ज़मा 6 अभ्यर्थी, उसमें भी एक की तो इससे रिश्तेदारी ही निकल आयी । बेचारे खुद ही शर्मा कर चले गये ।

पहेलियों पर टूट पड़ने वाली जनता भी सनाका मार गयी । शायद कोरल-ड्रा या फोटोशॉप से बनाये गये सम्मानपत्र की प्रत्याशा यहाँ न थी, यह भी एक कारण हो सकता है । पर यह तो साफ हो गया, यह पोस्ट या तो किसी की जानकारी में न रही हो, या  यह  विस्मृति  की  शिकार  हो  गयी  हो । बहुतों ने शायद पढ़ा ही न हो ?  तो.. यह थी निट्ठल्ले की उलटबाँसी ! वह दूसरों के लिखे पुराने पोस्ट याद रखना चाहता है.. और वर्तमान का बेहतरीन भी कहीं और सहेज रहा है ।

निट्ठल्ला यूँ कि, अपनी पोस्टों में मज़ाहिया अँदाज़ और बेतक्कलुफ़ लफ़्ज़ों की दख़लअँदाज़ी के चलते,  सहज ही ब्लागजगत में एक ’ क्लाउन-स्टेटस’ पा लिया । इस हद तक कि एक बार एक अहम मसले पर भेजे गये मेल के ज़वाब में हिन्दी की अलमबदार विद्वान लेखिका ने मुझसे उल्टे  पूछ ही लिया, " आर यू किडिंग ? इट इज़ हार्ड टू बिलीव ।  प्लीज़ रिप्लाई सून, सो दैट आई शैल पुट इट इन माई चिट्ठाचर्चा । " लीजिये ज़नाब, गोया दुनिया में जो भी दिखता है, सब सच ही होता होगा ?

उलटबाँसी इस करके कि, इस बस्ती में सभी अपनी सुनाना चाहते हैं, दूसरों को सुनना कम पसँद करते हैं.. याकि समय नहीं होता गोकि सभी तो ’बिज़ी’ ठहरे ! तक़रीबन हर ब्लागर के मेल इनबाक्स में इस  समय  भी  एक  न  एक  न्यौता  पड़ा  होगा, कभी  हमारे ब्लाग पर भी घूम जाइये.. " चाँद , मैं और श्मशान में रोता एक खजुहा कुत्ता " , ज़रूर  आइयेगा । क्योंकि न्यौते भेजे जाते हैं..तो ऎसे न्यौते पूरे भी किये जाते हैं । इस बिन्दु पर कहीं न कहीं फँसने की सँभावनायें अवश्य दिखतीं होंगी,क्योंकि लोग फँस भी जाते हैं । जाने वाला अपनी उपस्थिति दर्ज़ करवाने को ’नेग-व्यौहार’ स्वरूप वहाँ कुछ शब्द भी टँकित कर आता है, क्योंकि  इससे  व्यवहार  बनता  है । व्यवहार  बनाने  और  बनाये  रखने  वाले व्यवहारकुशल कहलाते हैं । कुल ज़मा प्रश्न यह कि,क्या ब्लागिंग केवल व्यवहारकुशलता पर ही टिकी है ? यहाँ बेहतर.. और बेहतर, बेहतरीन की पुकार किधर गयी ? हिन्दी ब्लागलेखन में केवल कचरा ही भरा पड़ा है, की धिक्कार ही क्यों छायी हुई है ?

यथासँभव कहीं ऎसी स्मृतिलोप के भय की वज़ह से ही तो नहीं , तात्कालिक  रूप  से  लोकप्रिय  होने वाला लेखन  एक चलन बनता जा रहा है ? याकि वक्ताओं के नित जुड़ने वाले इस समूह में, अध्येता अपने अल्पसँख्यक होते जाने से पलायन कर रहे हों ? फुरसतिया जैसे बिरले ही होंगे, जो कि टिके हुये हैं । अभी हाल में ही उन्होंने ब्लागिंग में अपनी उम्रकैद के पाँच वर्ष पूरे होने पर खुशी जतायी है । समीर भाई भी अपने लिखने और दूसरों को पढ़ने  में 1:10 का मानक मानते हैं । हममें से कितने जन इस सूत्र का आदर करते होंगे ? ब्लागलेखन के शैशवास्था में रखे रहने का युग कब तक रहेगा ? याकि यह शैशवास्था ब्लागजगत में एक और कलयुग उपस्थित होने की अन्यन्त्र-स्थिति ( Alibi ) है ?

शीर्षक या लेखक को पहचानने के लिये रखी गयी, यह  सँदर्भित  पोस्ट  तो  हिन्दी  ब्लागिंग  के  प्रारँभिक दिनों की है, फिर ?  अभी अभी फुरसतिया का जिक्र हुआ है, तो चलिये ऎसी धीर-गँभीर सारगर्भित पोस्ट लिखने का ठीकरा उन्हीं के सिर पर फोड़ते हैं ।
आयोजन : अनुगूँज
प्रकाशित : 14 नवम्बर 2004
प्रकाशन स्थल : http://fursatiya.blogspot.com
पोस्ट शीर्षक : भारतीय सँस्कृति क्या है
लेखक : श्री अनूप शुक्ल

और हाँ, सदा की भाँति पोस्ट के अँत में उन्होंने अपनी पसँद भी दी है, वह रही जा रही थी ।
मेरी पसंद
आधे रोते हैं ,आधे हंसते हैं
दोनों अवन्ती में बसते हैं
कृपा है ,महाकाल की
आधे मानते हैं,आधा
होना उतना ही
सार्थक है,जितना पूरा होना,
आधों का दावा है,उतना ही
निरर्थक है पूरा
होना,जितना आधा होना
आधे निरुत्तर हैं,आधे बहसते हैं
दोनों अवन्ती में बसते हैं
कृपा है ,महाकाल की
आधे कहते हैं अवन्ती
उसी तरह आधी है
जिस तरह काशी,
आधे का कहना है
दोनों में रहते हैं
केवल प्रवासी
दोनों तर्कजाल में फंसते हैं
दोनों अवन्ती में बसते हैं
हंसते हैं
काशी के पण्डित अवन्ती के ज्ञान पर
अवन्ती के लोग काशी के अनुमान पर
कृपा है ,महाकाल की.

--श्रीकान्त वर्मा

► इससे आगे ►

15 August 2009

भारतीय सँस्कृति और इससे जुड़ी एक पहेली

Technorati icon

जबसे इस ब्लाग की परिकल्पना बनी, तभी से एक पोस्ट मन में बार बार घुमड़ रहा था ।  शायद        अक्टूबर 2007 के आस पास पढ़े  गये  इस पोस्ट का कन्टेन्ट तो मोटा मोटी  याद था, शीर्षक याद आये तो  लिंक  टटोलूँ ! मेरे  कम्प्यूटरों  में  कितने  हार्ड  डिस्क  आये  और  चले  भी गये । लिंक क्या रक्खा रहता ? उसका न मिलना जैसे एक अपरिहार्य आवश्यकता बन गया । सहसा याद आया, कि उन दिनों ही नया नया राइटर लिया था..तो कच्चा पक्का जो भी मिलता, उनको तुरत-फुरत जला कर अपने सीडी सँग्रह का भरण पोषण किया करता । अब एक नई मुसीबत.. कि सीडी कहाँ ज़मींदोज़ है, इसकि ढ़ूढ़ में रोज पँडिताइन से एक चोट बकचुप होती रही ( वह यदि बकती हैं, मैं बरबस चुप ही रहता हूँ.. हो गया न एक बकचुप का अविष्कार ! ) मेरे  सिड़ी विभूषित होते ही सीडी जी भी प्रकटे । लिंक मिला, पोस्ट है

भारतीय संस्कृति क्या है … लिंक इसी ब्लागपृष्ठ पर कहीं टहल रहा है, वह आप तलाशियेगा   । अभी तो आप यह पोस्ट पढ़िये :

जबसे पंकज ने पूंछा-भारतीय संस्कृति क्या है तबसे हम जुट गये पढने में.सभ्यता,संस्कृति क्या है .भारतीय संस्कृति और सभ्यता के बारे में जितना इन दो दिनों में हम पढ गये उतना अगर हम समय पर पढ लिये होते तो शायद आज किसी वातानुकूलित मठ में बैठे अपना लोक और भक्तों का परलोक सुधार रहे होते.पर क्या करें जब भक्तों का परलोक सुधरना नहीं बदा है उनके भाग्य में तो हम क्या कर सकते हैं?

संस्कृति की बात करें तो सभ्यता का भी जिक्र आ ही जाता है.सभ्यता और संस्कृति की परस्पर क्रिया -प्रतिक्रिया होती है और दोनो एक-दूसरे को प्रभावित भी करती हैं. यह माना जाता है कि सभ्यता बाहरी उपलब्धि है और संस्कृति आन्तरिक.मनुष्य ने अपने सुख-साधन के लिये जो निर्मित किया वह सभ्यता है.इसमें मकान से लेकर महल और बैलगाङी से लेकर हवाईजहाज हैं.सुख की सामग्री है.

परंतु मनुष्य केवल बाहरी सुख-साधनों से संतुष्ट नहीं होता.वह मंगलमय जीवन मूल्यों को ग्रहण करना चाहता है.दया,प्रेम,सहानुभूति तथा दूसरे की मंगलकामना है.यह उदात्त है .इसमें सौन्दर्य की चाह है.यह संस्कृति है. नेहरूजी ने  लिखा  है - संस्कृति की कोई निश्चित परिभाषा नहीं दी जा सकती. संस्कृति के लक्षण देखे जा सकते हैं.हर जाति अपनी संस्कृति को विशिष्ट मानती है.संस्कृति एक अनवरत मूल्यधारा है.यह जातियों के आत्मबोध से शुरु होती है और इस मुख्यधारा में संस्कृति की दूसरी धारायें मिलती जाती हैं.उनका समन्वय होता जाता है.इसलिये किसी जाति या देश की संस्कृति उसी मूल रूप में नहीं रहती बल्कि समन्वय से वह और अधिक संपन्न और व्यापक हो जाती है. भारतीय संस्कृति के बारे में जब बात होती है तो उसकी प्रस्तावना काफी कुछ इस श्लोक में मिलती है:-

सर्वे भवन्ति सुखिन:,सर्वे सन्तु निरामया,
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु,मा कश्चिद् दुखभाग् भवेत्.

सब सुखी हों,सभी निरोग हों,किसी को कोई कष्ट न हो.यह लोककल्याण की भावना भारतीय संस्कृति का प्राण तत्व है.पर देखा जाये तो सभी संस्कृतियां किसी न किसी रूप में लोककल्याण की बात करती हैं.फिर ऐसी क्या विशेष बात है भारतीय संस्कृति में?नेहरूजी अनुसार -समन्वय की भीतरी उत्सुकता भारतीय संस्कृति की खास विशेषता रही है.

आर्य  जब  भारत  आये  तो  वे  विजेता  थे.तब  यहां  द्रविङ ( उन्नत सभ्यता ) और  आदिवासी  ( आदिम अवस्था )  थे . समय  लगा  पर  आर्यों-द्रविङों  में  समन्वय  हुआ  .दोनों ने एक दूसरे के देवताओं और अनेक दूसरे तत्वों को अपना लिया.समन्वय की यह परंपरा तब से लगातार कायम है.तब से अनेक जातियां भारत आईं.कुछ हमला करने और लूटने और कुछ यहीं बस जाने.कुछ व्यापार के बहाने आये तो कुछ ज्ञान की खोज में. ग्रीक, शक, हूण, तुर्क, मुसलमान,अंग्रेज आदि -इत्यादि आये.रहे.कुछ लिया,कुछ दिया.कुछ सीखा कुछ सिखाया.जो आये वे यहीं रह गये.किसी जाति में समा गये.

जिस समय मारकाट चरम पर था उसी समय सूफी-संत प्रेम की अलख जगा रहे थे.धार्मिक कट्टरता को मेलजोल, भाईचारे,मानवतावाद , सदाचरण में बदलने की कोशिश की.अमीर खुसरो ने फारसी के साथ भारतीय लोक भाषा में लिखा:-

खुसरो रैन सुहाग की जागी पी के संग,
तन मेरो मन पीउ को दोऊ भये एक रंग.

यह समन्वय की प्रवत्ति ही भारतीय संस्कृति का मूल तत्व है.यह वास्तव में लोक संस्कृति है.वह लोक में पैदा होती है और लोक में व्याप्त होती है.यह सामान्य जन की संस्कृति होती है-मुट्ठी भर अभिजात वर्ग की दिखावट नहीं.

जब संस्कृतियों की बात चलती है तो उनके लक्षणों की तुलना होती है.कहते हैं भारतीय संस्कृति त्याग की संस्कृति है जबकि पश्चिमी संस्कृति भोग की संस्कृति है.लोककल्याण की भावना हमारी विशेषता है, आत्मकल्याण की भावना उनकी आदत.यह सरलीकरण करके हम अपनी संस्कृति के और अपने को महान साबित कर लेते हैं. स्वतंत्रता,समानता और खुलापन पश्चिमी संस्कृति के मूल तत्व है.हमारे लिये ये तत्व भले नये न हों पर जिस मात्रा में वहां खुलापन है वह हमें चकाचौंध और नये लोगों को शर्मिन्दगी का अहसास कराता है-क्या घटिया हरकतें करते हैं ये ससुरे.फिर कालान्तर में वही घटिया हरकतें पता नही कैसे हमारी जीवन पद्धति बन जाती है ,पता नहीं चलता.इस आत्मसात होने में कुछ तत्वों का रूप परिवर्तन होता है.यही समन्वय है

तो देखा जाये तो हर संस्कृति में समन्वय की भावना रहती है. अमेरिका की तो सारी संस्कृति समन्वय की है.पर मूल तत्व की बात करें तो यह दूसरों के प्रति असहिष्णुता की संस्कृति है.अमेरिका में जब अंग्रेज  आये  तो  यहां  के  मूल  निवासियों ( रेड इंडियन ) को  मारा, बरबाद कर दिया. रेड इंडियन उतने सक्षम ,उन्नत नहीं थे कि मुकाबला कर पाते ( जैसा भारत में द्रविङों ने आर्यों का किया होगा ). मिट गये.यह दूसरों के प्रति सहिष्णुता का भाव अमेरिकी संस्कृति का मूल भाव हो गया. जो हमारे साथ नहीं है वह दुश्मनों के साथ है  यह   अपने विरोध  सहन  न  कर पाने की  कमजोरी  है .यह  डरे  की  संस्कृति है .जो  डरता  है  वही  डराता  है.

यह छुई-मुई संस्कृति है.हजारों परमाणु बम रखे होने बाद भी जो देश किसी दूसरे के यहां रखे बारूद से होने के डर से हमला करके उसे बरबाद कर दे.उससे अधिक छुई-मुई संस्कृति और क्या हो सकती है?

भोग की प्रवत्ति के बारे में तो लोग कहते हैं भोग की बातें वही करेंगे जिनका पेट भरा हो.जो सभ्यतायें उन्नत हैं .रोटी-पानी की चिन्ता से मुक्त है जो समाज वो भोग की तरफ रुख करेगा.रोमन सभ्यता जब चरम पर थी तो वहां लोग गुलामों ( ग्लेडियेटर्स ) को तब तक लङाते थे जब तक दो गुलामों में से एक की मौत नहीं हो जाती थी. रोमन  महिलायें  नंगे  गुलामों  को  लङते  मरते  देखती  थीं. इससे यौन तुष्टि ,आनन्द प्राप्त करती थीं.सभ्यता के चरम पर यह रोम की संस्कृति के पतनशील तत्व थे.बाद में उन्हीं गुलामों ने रोम साम्राज्य के खिलाफ विद्रोह किया.

खुलेपन के नाम पर नंगापन बढने की प्रवत्ति के बारे में रसेल महोदय ने कहा है:-जब कोई देश सभ्यता के शिखर पर पहुंच जाता है तब उस देश की स्त्रियों की काम- लिप्सा  में  वृद्धि  होती  है  और इसके साथ ही राष्ट्र का अध:पतन प्रारम्भ हो जाता है .इस समय  अमेरिकन  स्त्रियों  में  यह  काम-लोलुपता  अधिक दृष्टिगोचर  होती है और 35 से 40 वर्ष की अवस्था की अमेरिकन स्त्री वेश्या का जीवन ग्रहण करना चाहती है ,जिससे उसकी कामपिपासा शान्त हो सके.

हम खुश हो के सारे विकसित देशों के लिये कह सकते हैं- इसकी तो गई.पर हम अपने यहां देखें क्या हो रहा है.हम पुराने आदर्शों को नये चश्में से देख रहे है.तुलसीदास ने उत्तम नारी के गुण बताये हैं:-
उत्तम कर अस बस मन माहीं,
सपनेंहु आन पुरुष जग नाहीं .
उत्तम नारी सपने में भी पराये पुरुष के बारे में नहीं सोचती. आज की जरूरतें बदली हैं.लिहाजा हमने इस चौपाई का नया अर्थ ले लिया ( उत्तम  नारी  के  लिये  सपने  में  भी  कोई  पुरुष  पराया  नहीं होता ) .पंजाब  में  लोगों ने इस समस्या का और बेहतर उपाय खोजा.महिलाओं की संख्या ही कम कर दी.न रहेगा बांस न बजेगी बांसुरी. महिलायें रहेंगी ही नहीं तो व्यभिचार कहां से होगा.  प्रिवेन्शन  इज बेटर दैन क्योर.

रवीन्द्र नाथ टैगोर ने अपनी कविता भरत तीर्थ में कहा है-भारत देश महामानवता का पारावार है.यहां आर्य हैं,अनार्य हैं,द्रविङ हैं और चीनी वंश के लोग भी हैं.शक,हूण,पठान और मुगल न जाने कितनी जातियों के लोग इस देश में आये और सब के सब एक ही शरीर में समाकर एक हो गये.
यह समन्वय की प्रवत्ति ही भारतीय संस्कृति का मूल तत्व है.

भारतीय सँस्कृति की यह समन्वयवादी विवेचना बहुत ही स्पष्ट है । इसमें पँडित नेहरू की एक पँक्ति और जोड़ दी जाय, " यह सत्य की अनवरत खोज है ! " हालाँकि यह उन्होंनें  हिन्दुत्व के लिये कहा था ,  और  हमारे साथी हिमाँशु  की  मनपसन्द  लाइनें  हैं , मैं अपनी ओर से  थोड़ा  और  जोड़  दूँ  कि  यह  खोज मानवीय  सत्यों  की अनवरत  खोज में निहित  है  और  आधुनिक  विज्ञान   द्वारा  ईंट  रोड़ा  जोड़  कर  खोजे  जाने वाले  भौतिक सत्यों से निताँत परे है ! तो चलें.. अगले सप्ताह फिर मिलेंगे, एक और बिसरे - बिछड़े आलेख के साथ ! अरे, पहेली तो रह ही गयी ।

सुना कि शनीचरी पहेली हिट होतीं हैं, सो यह बड़ा आसान पड़ेगा आपको ! आपको केवल यह तलाशना है, या बताना है कि यह पोस्ट किसने और कब, क्यूँ लिखी थी ? एक हिन्ट भी दिये दे रहा हूँ, यह सन 2004 के दरमियान की है । और.. आज  के  एक हिट ब्लागर की नॉट-सो हिट पोस्ट की कतार में शुमार की जा सकती है । अब तो खुश ?

► इससे आगे ►

14 August 2009

तूफ़ान को पहचानने में इतने असमर्थ

Technorati icon

श्री प्रियरँजन जी राँची से हैं, और पेशे से पत्रकार हैं । वह उदयकेशरी जी के ब्लाग सीधी बात ( Dare to say truth ) पर यदा कदा पोस्ट भी देते रहते हैं । जून 2008 में उनकी एक पोस्ट रिंगटोन का बाज़ार और संस्कृति एक साथ कई प्रश्न उठाती है । किंवा किसी पाठक को उनकी बात को आगे बढ़ाने का साहस न हुआ होगा । पर स्थियाँ जस की तस तो क्या हैं, बल्कि बद से बदतर ही होती जा रही हैं, जरा देखिये तो

“ बरसों पहले मैंने एक कहानी लिखी थी ‘अजनबीपन’ - दिल्ली में अकेले रहते हुए रात को टेलीफोन बूथ से अपने घर फोन करने के अनुभव पर । मुझे याद है कि एसटीडी तारों के उलझे हुए दिनों में बड़ी मुश्किल से फोन मिला करते थे, लेकिन जब मिल जाया करते तो अचानक उनकी मशीनी ध्वनि बेहद मानवीय हो जाती । लगता था, जैसे बीप बीप की वह आवाज़ मुझे दिल्ली और रांची के बीच बिछे अनगिनत उलझे तारों के रास्ते 1200 मील दूर अपने घर के ड्राइंग रूम तक ले जाती है ।

आज जब रिंगटोन और कॉलर ट्यून्स की एक रंगारंग दुनिया हमारे सामने है, तब भी मुझे रात ग्यारह बजे के आसपास बजती हुई वह बीप बीप याद आती है, क्योंकि इस ध्वनि से मेरी पहचान थी, वह मेरा धागा थी, जो मुझे दूसरों के साथ बांधती थी । आज वह ध्वनि मुझे नहीं मिलती, क्योंकि जब भी मैं किसी को फोन करता हूं, दूसरी तरफ कोई धुन, किसी फिल्मी गीत की कोई पंक्ति, या कोई बंदिश प्यार, इसरार, मनुहार या शृंगार बिखेरती हुई मेरी प्रतीक्षा की घड़ियों को मादक बना रही होती है ।

दरअसल इन दिनों मोबाइल क्रांति ने ‘रिंगटोन’ और कॉलर ट्यून्स’ के जरिये जो नई सांगीतिक क्रांति की है, उसके कई पहलुओं पर ध्यान देना ज़रूरी है । आप किसी को फोन करें और आपको कोई अच्छी सी धुन या बंदिश सुनाई पड़े, इसमें कोई बुराई नहीं लगती । यही नहीं, जो लोग फोन पर अपनी पसंदीदा धुनें लगाकर रखते हैं, उनका एक तर्क यह भी हो सकता है कि इससे उनके व्यक्तित्व का भी कुछ पता चलता है ।

लेकिन क्या संगीत का यह उपयोगितावाद क्या एक सीमा के बाद खुद संगीत के साथ अन्याय नहीं करने लगता... संगीत का काम सारी कला-विधाओं की तरह एक ऐसे आनंद की सृष्टि करना है, जिसके सहारे हमें अपने-आप को, अपनी दुनिया को कुछ ज्यादा समझने, कुछ ज्यादा खोजने में मदद मिलती है । लेकिन जब हम संगीत को ‘टाइम पास’ की तरह इस्तेमाल करते हैं तो उसको उसके मूल लक्ष्य से भटकाते हैं । किसी फोन कॉल पर किसी बड़े उस्ताद की पांच सेकंड से लेकर 15 या 30 सेकंड तक चलने वाली बंदिश जब तक आपकी पकड़ में आती है, ठीक उसी वक्त कोई आवाज इस बंदिश का गला घोंट देती है ।

आप शिकायत नहीं कर सकते, क्योंकि आपने संगीत सुनने के लिए नहीं, बात करने के लिए किसी को फोन किया है । संगीत तो बस उस इंतज़ार के लिए बज रहा है, जो आपका फोन उठाए जाने तक आपको करना है । आप इस समय जम्हाई लें या बंदिश सुनें, किसी को फर्क नहीं पड़ता । अलबत्ता बंदिश को ज़रूर फर्क पडता है, क्योंकि पांच बार उसे पांच-दस या 20-30 सेकंड तक आप सुन चुके हैं और उसका जादू जा चुका है । छठी बार वह पूरी बंदिश सुनने भी आप बैठें तो उसका अनूठापन आपके लिए एक व्यतीत अनुभव है, क्योंकि आपको मालूम है कि इसे तो आपने अपने किसी दोस्त के मोबाइल पर सुन रखा है ।

असल में हर फोन सिर्फ गपशप के लिए नहीं किया जाता, बल्कि सिर्फ गपशप जैसी कोई चीज नहीं होती - कोई न कोई सरोकार उस गपशप की प्रेरणा बनता है, कोई न कोई संवाद इसके बीच आता है, सुख या दुख के कुछ अंतराल होते हैं । जाहिर है, संगीत की कोई धुन या बंदिश इस संवाद में बाधा बनती है । आप किसी अफसोस या दुख की कोई खबर साझा करने बैठे हैं और आपको फोन पर कोई भैरवी या ठुमरी या चालू फिल्मी गाना सुनने को मिल रहा है तो आपको पता चले या नहीं, कहीं न कहीं, यह आपके दुख का उपहास भी है । यही बात सुखद खबरों के साथ कही जा सकती है ।

संस्कृति एक बहुत बड़ी चीज है, उसे आप काटकर प्लेटों में परोस नहीं सकते, उसे टुकड़ा-टुकड़ा कर पैक नहीं कर सकते । लेकिन बाजा़र यही करने की कोशिश कर रहा है । वह मोत्सार्ट, बाख, रविशंकर, हरिप्रसाद चौरसिया और उस्ताद बिस्मिल्ला खां का जादू छीनकर उसे अपनी डिबिया में बंद कर रहा है और बेच रहा है । खरीदने वालों को भी संस्कृति का यह इत्र रास आ रहा है, क्योंकि इसके जरिये वह बता पा रहे हैं कि उनका नाता बड़ी और कलात्मक अभिव्यक्तियों से भी है ।

दरअसल हर ध्वनि का अपना मतलब होता है, हर मुद्रा का अपना अर्थ । दरवाजे पर दस्तक देने की जगह कोई गाना गाने लगे तो इसे उसका कला प्रेम नहीं, उसकी सनक मानेंगे । ध्वनियों के सहारे हम हंसी को भी समझते हैं, रुलाई को भी । अगर हवा के बहने और पानी के गिरने की ध्वनियां किन्हीं दूसरे तरीकों से हम तक पहुंचने लगें तो समझिए कि कुदरत में कोई अनहोनी हुई है - या तो कोई भयावह तूफ़ान हमारे रास्ते में है या कोई विराट बाढ़ हमें लीलने को आ रही है । क्या मोबाइल क्रांति ने हमारी ध्वनि-संवेदना नहीं छीन ली है, वरना हम एक आ रहे तूफ़ान को पहचानने में इतने असमर्थ क्यों होते...? “

सीधी बात : रिंगटोन का बाज़ार और सँस्कृति / जून 1, 2008 से साभार

► इससे आगे ►

12 August 2009

राष्ट्रकवि और ठेठ हिन्दी के ठाठ

Technorati icon

-हिंदुस्तान 7 मार्च, 1956 पहला पेज दो कालम की खबर है, जिसमें प्रख्यात कवि मैथिलीशरण गुप्त ने कवितामय अंदाज में बजट से जुड़े सवाल पूछे हैं-

–आह कराह न उठने दे जो शल्य वैद्य है वही समर्थ—राष्ट्रकवि की दृष्टि में बजट-

हमारे संवाददाता द्वारा नई दिल्ली 6 मार्च, राज्य सभा में साधारण बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए राष्ट्रकवि श्री मैथिलीशरण गुप्त ने निम्नलिखित कविता पढ़ी-


धन्यवाद हे धन मंत्री को करें चाय सुख से प्रस्थान,

हम सब पानी ही पी लेंगे, किंतु खान पहले फिर पान

मिटे मद्य कर लोभ आपका अधिक आय का वह अभिशाप ,

दे देकर मद मोह स्वयं ही फिर प्रबोध देते हैं आप।

कर लेते हैं आप , आपके गण लेते हैं धन युत मान,

थाने क्या निज न्यायालय ही जाकर देखें दया निधान।

खोलें एक विभाग आप तो यह धर्षण हो जाये ध्वस्त,

जांच करे अधिकारी वर्ग की गुप्त भाव से वह विश्वस्त।

पहले ही था कठिन डाक से ग्रंथों द्वारा ज्ञान प्रसार,

पंजीकरण शुल्क बढ़ाकर अब रोक न दें विद्या का द्वार।

किन्तु नहीं पोथी की विद्या पर कर गत धन सी अनुदार,

साधु, साधु, श्रुति पंरपरा का आप कर रहे हैं उद्धार।

सुनते थे उन्नत देशों में कुछ जन नंगे रहते हैं,

स्वस्थ तथा स्वाभाविक जीवन वे इसको ही कहते हैं।

नया वस्त्र कर देता है यदि आज वही संकेत हमें,

तो हम कृतज्ञता पूर्वक ही उसे किसी विधि सहते हैं।

मक्खन लीज छाछ छोड़िए देश भक्ति यह सह लेगी,

पारण बिना किन्तु जनता क्या व्रत करके ही रह लेगी।

यह यथार्थ है यत्न आपके हैं हम लोगों के ही अर्थ,

आह कराह न उठने दे, जो शल्य वैद्य है वही समर्थ।

लोगों की चिंता थी जाने जीवन पर भी कर न लगे,

मर कर भी कर जी कर भी कर, डर कर कोई कहां भगे।

एक जन्म कर ही ऐसा है, जिस पर कुछ कुछ प्यार पगे,

और नहीं तो जन संख्या ही संभले, संयम भाव जगे।

कवि की कविता का जवाब भी कविता में मिला है, इसे भी हिंदुस्तान ने अपनी रिपोर्ट में दर्ज किया है।

हिंदुस्तान 9 मार्च, 1956 पहले पेज पर सिंगल कालम खबर

वित्तमंत्री का नया तराना / हमारे विशेष संवाददाता द्वारा


नई दिल्ली-राज्य सभा में साधारण बजट पर हुई बहस का उत्तर देते हुए वित्त मंत्री श्री चिंतामन देशमुख ने राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त के कवितामय भाषण का कविता में ही जवाब दिया, जो इस प्रकार है-


भारत भू के कायाकल्प का

आज सजा है पावन याग

स्नेह भरे कर लगा कमर को

बांध पटसे ले कवि भाग

सकल निगम और शिशु नर नारी

स्व-स्व पदोचित करके त्याग

चलें जुड़ाकर कर में कर को

दृढ़ता पग में नयनों जाग

यही पारणा यही धारणा

यही साधना कवि मत भाग

नया तराणा गूंज उठावो

नया देश का गावो राग

अँतर्जाल प्रकाशन स्रोत : काकेश की कतरनें पोस्ट July 23rd, 2007 से

अभिलेख पुष्टि/सत्यापन : रँधावा पुस्तकालय, रायबरेली

► इससे आगे ►

9 August 2009

बच्चे.. जो बच्चे न रह पायेंगे

Technorati icon
कुछ दिनों पहले डा० महेश परिमल की एक पोस्ट पढ़ी थी.. उन्होंनें एक विचारोत्तेजक और ज़ायज़ मुद्दा उठाया था । सरकार व जनसाधारण की बात तो दूर.. ब्लागर पर ही उनकी बात दब कर रह गयी । कई दिनों के प्रयास के बाद लिंक मिल पाया है । देखिये तो..
उस दिन टीवी पर प्रसारित होने वाले बच्चों के धारावाहिकों की सूची देख रहा था, तब यह जानकर आश्चर्य हुआ कि आजकल बच्चोें के लिए टीवी पर ऐसा कुछ भी देखने लायक नहीं है, जिससे उनके मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञान भी बढ़े. आजकल जो कुछ भी बच्चों के नाम पर टीवी पर परोसा जा रहा है, उससे लगता है कि एक साजिश के तहत बच्चों को 'ग्लोबल इंडियन ' बनाया जा रहा है. यह एक खतरनाक सच्चाई है, जिसे आज के पालक भले ही समझें, पर सच तो यह है कि आगे चलकर यह निश्चित रूप से समाज के लिए एक पीड़ादायी स्थिति का निर्माण होगा, जिसमें बच्चे केवल बच्चे बनकर नहीं रह पाएँगे, बल्कि उनका व्यवहार ऐसा होगा, जिससे लगेगा कि वे समय से पहले ही बड़े हो गए हैं, उनका बचपन तो पहले ही मारा जा चुका है.
अब ंजरा बच्चों के उन धारावाहिक के नाम ही पढ़ लें,जो उन्हें भा रहे हैं. उस दिन एक बच्चे से उन धारावाहिकों के नाम सुने, वह बता रहा था कि उसे तो ड्रेगन फ्राम ओटावा, हाफ टिकट एक्सप्रेस, मिकी माऊस प्ले हाऊस, शीनचिन, गली-गली सिमसिम, मैड (म्युजिक, आर्ट, डांस), कार्टून नेटवर्क की दुनिया आदि धारावाहिक अच्छे लगते हैं. कभी आपको फुरसत मिले, तो इनमें से कोई एक धारावाहिक देखने की जहमत उठा लीजिए. आपको पता चल जाएगा कि विदेशी पृष्टभूमि पर आधारित इन धारावाहिकों के पात्र बोलते तो हिंदी ही हैं, पर कभी-कभी कुछ ऐसा कह जाते हैं, जो उनके क्या पालकों के भी पल्ले नहीं पड़ता. ऐसे में लगता है कि ये सब क्या हो रहा है? क्या यह सब पालकों की मर्जी से हो रहा है या फिर अनजाने में ही सब कुछ हो रहा है और पालकों को पता ही नहीं है.
अधिक समय नहीं हुआ है, अभी दस वर्ष पहले ही बच्चों को सामने रखकर कई धारावाहिकों का प्रसारण विभिन्न चैनलों पर हो रहा था. पोटली बाबा की, अलीफ लैला, सिंदबाद की कहानियाँ, वेताल पच्चीसी, सिंहासन बत्तीसी, विक्रम और वेताल, तेनाली राम, कैप्टन व्योम, मालगुड़ी डेज, कैप्टन हाऊस, दादा-दादी की कहानियाँ, जंगल बुक पर आधारित मोगली का धारावाहिक ये सब ऐसे कार्यक्रम थे, जिनसे बच्चों को न केवल भारतीय संस्कृति से परिचित कराते थे, बल्कि काफी हद तक उसका पोषण भी करते थे. पर अब वह बात नहीं रही. अब तो सारे कार्यक्रमों पर व्यावसायिकता हावी हो गई है. अब तो बच्चों को वह सब कुछ दिखाया जा रहा है, जिससे केवल कंपनियों को ही लाभ हो. बच्चे क्या चाहते हैं, इसे जानने की फुरसत किसी के पास नहीं है. जो बड़े चाहते हैं, बच्चे वही देख रहे हैं.
बच्चों के धारावाहिकों के संबंध में इंडियन चिल्ड्रंस सोसायटी की चेयरमेन नफीसा अली का कहना है कि आजकल बच्चों को धारावाहिकों के रूप में जो कुछ दिखाया जा रहा है, वह कमोबेश अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों के डब संस्करण हैं. यह एक चिंताजनक स्थिति है, क्योंकि इन कार्यक्रमों की सांस्कृतिक भूमिका हमारे देश के बच्चों की सामान्य समझ से मेल नहीं खाती. दूसरी ओर यू टीवी की वाइज प्रेसीडेंट मनीषा सिंह कहती हैं कि हम यदि कोई कार्यक्रम आयात करते हैं,तो उसमें से भारतीय संस्कृति और सामाजिक स्तर पर उचित न लगने वाले भाग को हम काट देते हैं. लेकिन उनका यह दावा कितना उचित है, उसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज भी बच्चे इन धारावाहिकों से वह सब कुछ सीख रहे हैं, जिसे उन्हें कुछ वर्ष बाद जानना है. आज बच्चों को बड़ों की बातें धारावाहिकों के माध्यम से बताई जा रही हैं. बच्चे इसे देखकर समय से पहले ही बड़ों की बातें न केवल समझ रहे हैं, बल्कि उसे अमल में भी ला रहे हैं.
अभी तक बच्चों के लिए कोई ऐसा चैनल तैयार नहीं किया गया है, जिससे भारतीय संस्कृति का पोषण होता हो. इस दिशा में पोगो के माध्यम से दिन भर बच्चोें से जुड़ी जानकारियों का प्रसारण होता रहता है, पर उसमें काफी कुछ आयातित और भारतीय संस्कृति से अलहदा होता है. कहीं-कहीं हल्की सी झलक अवश्य मिलती है, पर उसे ऊँट के मँह में जीरा ही कहा जा सकता है. बच्चों पर आज के धारावाहिक किस तरह से हावी हो रहे हैं, यह तो बच्चों के व्यवहार से ही पता चलता है. आज उनके आदर्श बदल गए हैं. अब वे सामान्य बच्चों से हटकर सोचते हैं. पर उनकी सोच के पीछे अपराध की एक दुनिया होती है. आज कई बच्चे इन्हीं धारावाहिकों से प्रेरणा लेकर अपने विचार को गलत दिशा दे रहे हैं.
बचपन में पढ़ी गई गीजू भाई की बाल कहानियाँ और चीनी लेखिका का बच्चों की मानसिकता को लेकर किया गया सफल प्रयास तोतो चान आज पुस्तकालयों में धूल खा रहीं हैं. बच्चों की कल्पनाशीलता में इन कहानियों के पात्र नहीं उभरते. चाँद पर रहती परियों के बजाए अब उनके मस्तिष्क को अंतरिक्ष की दुनिया में ले जाने वाले आयातित धारावाहिकों के पात्र प्रभावित करने लगे हैं. ऐसे में आवश्यकता है ऐसे धारावाहिकों की, जो बच्चों को उनके वास्तविक संसार से परिचित कराए, उनके बचपन को सींचे, उनकी कल्पनाओं को ऊँची उड़ान दे और उनकी कोमल भावनाओं को एक ऐसा आकार दे, जिससे वे वास्तव में बच्चे बनकर बच्चों का जीवन जी सकें. क्या है हमारी सरकार में ऐसा साहस? यदि इस दिशा में सरकार ही एक कदम बढ़ाए, तो एक नहीं गुलजार, अमोल पालेकर, सईद मिर्जा, सई परांजपे जैसी कई हस्तियाँ सामने आ जाएँगी और वे बनाएँगी बच्चों की ऐसी दुनिया, जिसमें बच्चे अपना भारतीय बचपन जी सकें.

42 
एक और पोस्ट जो मैं आपसे साझा करना चाहूँगा : मेरा [V] महान बनाम एकता कपूर अवश्य पढ़िये
► इससे आगे ►
इन रचनाओं के यहाँ होने का मतलब
अँतर्जाल एवं मुद्रण से समकालीन साहित्य के
चुने हुये अँशों का अव्यवसायिक सँकलन

(संकलक एवं योगदानकर्ता के निताँत व्यक्तिगत रूचि पर निर्भर सँग्रह !
आवश्यक नहीं, कि पाठक इसकी गुणवत्ता से सहमत ही हों )

उत्तम रचनायें सुझायें, या भेजे !

उद्घृत रचनाओं का सम्पूर्ण स्वत्वाधिकार सँबन्धित लेखको एवँ प्रकाशकों के आधीन
Creative Commons License
ThisBlog by amar4hindi is licensed under a
Creative Commons Attribution-Non-Commercial-Share Alike 2.5 India License.
Based on a works at Hindi Blogs,Writings,Publications,Translations
Permissions beyond the scope of this license may be available at http://www.amar4hindi.com

लेबल.चिप्पियाँ
>

डा. अनुराग आर्य

अभिषेक ओझा

  • उत्तम आहार - पशु आहार - पिछले दिनों एक मित्र मिलने आये। शनिवार का दिन। आराम से पसर के बैठे। खाते-पीते बैकग्राउंड वाले हैं, तो जहाँ बैठें, अच्छा रेडियस घेर लेते हैं। दो-चार दिन ...
    1 year ago
  • तुम्हारे लिए - मैं उसकी हंसी से ज्यादा उसके गाल पर पड़े डिम्पल को पसंद करता हूँ । हर सुबह थोड़े वक्फे मैं वहां ठहरना चाहता हूँ । हंसी उसे फबती है जैसे व्हाइट रंग । हाँ व्...
    6 years ago
  • मछली का नाम मार्गरेटा..!! - मछली का नाम मार्गरेटा.. यूँ तो मछली का नाम गुडिया पिंकी विमली शब्बो कुछ भी हो सकता था लेकिन मालकिन को मार्गरेटा नाम बहुत पसंद था.. मालकिन मुझे अलबत्ता झल...
    11 years ago

भाई कूश